Haryana Politics: राहुल गांधी के आरोपों से राजनीतिक भूचाल, 8 सीटों पर 22779 वोटों से हारी थी कांग्रेस
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा में वोटों की हेराफेरी का आरोप लगाया है जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस कम वोटों के अंतर से हारी है। भाजपा का कहना है कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं। भाजपा ने आंकड़ों के साथ कांग्रेस के आरोपों को चुनौती दी है।

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा वोटों की हेराफेरी के आरोप लगाने के बाद हरियाणा में भी राजनीतिक बहस छिड़ गई है। राहुल गांधी ने वोटों की हेराफेरी होने वाले राज्यों में हरियाणा का नाम भी लिया है, जिसके बाद भाजपा आक्रामक हो गई है।
हरियाणा में आठ विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जिन पर कांग्रेस 22,779 वोटों से हारी है। भाजपा ने 55 लाख वोट हासिल कर 48 विधानसभा सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस ने 54 लाख वोट प्राप्त करते हुए 37 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है।
हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में 47 सीटें जीतने वाली पार्टी को बहुमत से सरकार बनाने का मौका मिलता है। राज्य में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है और इस बार वह बहुमत से सत्ता में है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में अपनी प्रेस कान्फ्रेंस में कहा है कि कांग्रेस आठ सीटों पर 22 हजार 779 वोट के अंतर से पूरा राज्य हार गई। जींद जिले की उचाना कलां, चरखी दादरी, होडल, सफीदो, घरौंडा, असंध, राई और खरखौदा विधानसभा सीटों में कांग्रेस छह हजार से भी कम वोटों से चुनाव हारी है।
उचाना कलां विधानसभा सीट पर कांग्रेस की हार सिर्फ 32 वोटों से हुई है, जहां से हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह चुनाव लड़े थे। बृजेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं।
दूसरी तरफ भाजपा सात सीटें लोहारू, आदमपुर, रोहतक, सढ़ोरा, पंचकूला, फतेहाबाद और थानेसर 3,500 से भी कम वोटों से हारी है, जिससे कांग्रेस के वोटों की हेराफेरी के आरोपों को खारिज करने में मदद मिल रही है।
लोकसभा चुनाव में भाजपा व कांग्रेस दोनों को पांच-पांच सीटें मिली हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि राहुल गांधी जो कह रहे हैं, वह बिल्कुल सही और रिकार्ड की बात है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों पर भाजपा ने शुक्रवार को तीखा पलटवार किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जहां कहा है कि राहुल गांधी अब तक के सबसे असफल नेता हैं और वे सफल होने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं, वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने दावा किया कि चुनाव में एक-एक वोट से हार-जीत होती है।
अगर भाजपा को 22 हजार वोट और मिलते तो हम 22 सीटें और जीत जाते। राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं की साख पर सवाल उठाकर लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।
मोहन लाल बड़ौली ने आंकड़ों के साथ कांग्रेस के आरोपों को चुनौती दी। उनके मुताबिक, लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच मात्र पांच महीने में हरियाणा में 4 लाख 16 हजार 103 मतदाता बढ़े। मई 2024 में लोकसभा चुनाव में मतदाता संख्या 1 करोड़ 99 लाख 38 हजार 247 थी, जो विधानसभा चुनाव में 2 करोड़ 3 लाख 54 हजार 350 हो गई।
औसतन हर विधानसभा क्षेत्र में 4,623 मतदाता जुड़े। इन नए आंकड़ों का राजनीतिक महत्व इसलिए है, क्योंकि 12 विधानसभा सीटों पर जीत-हार का अंतर 4,623 वोट से कम रहा है। इसलिए राहुल गांधी के आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।