Updated: Mon, 04 Aug 2025 06:48 PM (IST)
हरियाणा में केंद्रीय लोक सेवा आयोग की मंजूरी के बाद 15 एचसीएस अधिकारियों को आईएएस के पद पर पदोन्नत किया गया है। राज्य सरकार ने 27 अधिकारियों का प्रस्ताव भेजा था जिससे राज्य में आईएएस की संख्या 184 हो जाएगी। इनमें वर्षा खनगवाल और उनके परिवार के तीन सदस्य भी शामिल हैं। नौ अधिकारियों को प्रोविजनल पदोन्नति मिली है। इस वर्ष आरसी बिधान समेत चार आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। केंद्रीय लोक सेवा आयोग की स्वीकृति के बाद हरियाणा के 15 एचसीएस अधिकारियों को आईएएस के पद पर प्रमोट कर दिया गया है। प्रदेश के 27 एचसीएस अधिकारियों को पदोन्नति के योग्य मानते हुए राज्य सरकार ने केंद्रीय लोक सेवा आयोग में प्रस्ताव भेजा था।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इसके तहत 15 एचसीएस को आइएएस के पद पर प्रमोट किया गया। हरियाणा सरकार को इन 15 आइएएस अधिकारियों की सेवाएं मिलने के बाद राज्य में आइएएस अधिकारियों की संख्या 169 से बढ़कर 184 हो जाएगी।
2025 के अंत तक चार आइएएस अधिकारी रिटायर भी होने वाले हैं, इनकी रिटायरमेंट के बाद आइएएस अधिकारियों की संख्या घटकर 180 रहने वाली है।
हरियाणा सरकार और विभागीय पदोन्नति कमेटी की सिफारिश के बाद केंद्रीय लोक सेवा आयोग ने जिन एचसीएस अधिकारियों को आइएएस के पद पर पदोन्नति देने की मंजूरी दी थी, उनमें विवेक पदम सिंह, डा. मुनीष नागपाल, महेंदर पाल, सतपाल शर्मा, सुशील कुमार-प्रथम, वर्षा खनगवाल, वीरेंद्र सिंह सहरावत, सत्येंद्र दूहन, मनिता मलिक, सतबीर सिंह, अमृता सिंह, योगेश कुमार, वंदना दिसौदिया, जयदीप कुमार और समवर्तक सिंह खनगवाल शामिल हैं।
तीन ऐसे एचसीएस अधिकारी प्रमोट होकर आइएएस बने हैं, जो एक ही परिवार से संबंध रखते हैं। वर्षा खनगवाल, उनके पति योगेश कुमार और चचेरे भाई समवर्तक सिंह खनगवाल को केंद्र सरकार ने आइएएस के पद पर पदोन्नति प्रदान की है। केंद्रीय लोक सेवा आयोग ने हरियाणा के 18 एचसीएस अधिकारियों को आइएएस के पदों पर पदोन्नत किया गया है, जबकि नौ अन्य एचसीएस को प्रोविजनल पदोन्नति दी गई थी।
यह पदोन्नति केंद्रीय लोक सेवा आयोग द्वारा दी गई है। जिन नौ एचसीएस अधिकारियों को प्रोविजनल पदोन्नति दी गई थी, उनके विरुद्ध कोर्ट में केस लंबित है।
प्रोविजनल पदोन्नति देते हुए कहा गया था कि यदि कोर्ट का फैसला इन नौ एचसीएस अधिकारियों के पक्ष में आता है, तो उन्हें भी पूर्णकालिक आइएएस के रूप में पदोन्नत किया जाएगा। 18 में से तीन ऐसे एचसीएस अधिकारी आइएएस बनने से रह गए, जिन्हें विभागीय पदोन्नति कमेटी की बैठक में केंद्रीय लोक सेवा आयोग ने प्रोविजनल आइएएस बनाने की मंजूरी प्रदान की थी।
संभावना है कि उनकी पदोन्नति की लिस्ट अलग से जारी की जा सकती है। हरियाणा के 15 एचसीएस अधिकारियों को आइएएस बनाने के आदेश उस समय जारी हुए, जब एक एचसीएस अधिकारी द्वारा इस लिस्ट पर कोर्ट से स्टे लेने की चर्चा पूरे दिन चलती रही।
चर्चा तो सही नहीं निकली, लेकिन केंद्र की ओर से पदोन्नति संबंधी आदेश जारी हो गए हैं। साल 2021 के लिए एचसीएस से आइएएस बने अधिकारियों में विवेक पदम सिंह और डा. मुनीष नागपाल शामिल हैं। 2022 के लिए महेंदर पाल सिंह, सतपाल शर्मा और सुशील कुमार-प्रथम को आइएएस बनाया गया है।
2023 में होने वाली पदोन्नति के संदर्भ में वर्षा खनगवाल, वीरेंद्र सिंह सहरावत, सत्येंद्र दूहन, मनिता मलिक, सतबीर सिंह, अमृता सिंह, योगेश कुमार और वंदना दिसौदिया को आइएएस बनाया गया है। 2024 के लिए पदोन्नति सूची में जयदीप कुमार और समवर्तक सिंह खनगवाल के नाम शामिल हैं। इस साल रिटायर होंगे चार आइएएस अधिकारी 2005 बैच के आइएएस अधिकारी आरसी बिधान 31 दिसंबर को रिटायर हो रहे हैं।
बिधान इस समय गुरुग्राम के मंडल आयुक्त पद पर कार्यरत हैं। परिवहन विभाग के महानिदेशक 2009 बैच के आइएएस सुजान सिंह 31 अक्टूबर को रिटायर होंगे, जबकि हिसार के मंडलायुक्त 2009 के आइएएस अशोक गर्ग 30 नवंबर को रिटायर होने वाले हैं। 2010 बैच के आइएएस रजिस्ट्रार सहकारी समितियां राजेश जोगपाल 30 सितंबर को रिटायर हो जाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।