यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Haryana Election: सीएम नायब सैनी, दुष्यंत चौटाला समेत 46 प्रत्याशी खुद को क्यों नहीं दे सके वोट, यहां पढ़िए वजह
हरियाणा विधानसभा चुनाव में 46 उम्मीदवार ऐसे हैं जो अपने लिए वोट नहीं कर पाए क्योंकि उनका वोट दूसरे विधानसभा ...और पढ़ें

HighLights
- भाजपा ने नायब सैनी समेत कई प्रत्याशियों के बदल दिए थे सीट।
- 46 उम्मीदवार स्वयं के लिए नहीं कर सके मतदान।
- विनेश फोगाट भी खुद को नहीं दे पाईं वोट।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सैनी, सीएम दुष्यंत चौटाला तथा अभय सिंह चौटाला समेत 46 उम्मीदवार स्वयं के लिए मतदान नहीं कर सके। यह नेता जिस विस क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं, वहां उनका वोट नहीं है। इसलिए उन्हें वोट डालने गृह विस क्षेत्र जाना पड़ा।
प्रदेश में 46 प्रत्याशी ऐसे हैं, जो दूसरे विस क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा भाजपा के 21 प्रत्याशी, कांग्रेस के नौ, इनेलो-बसपा गठबंधन के छह, आप के चार, जजपा-आसपा गठबंधन के तीन प्रत्याशी शामिल हैं। तीन निर्दलीय भी ऐसे ही हैं।
भाजपा ने बदल दिया था नायब सैनी की सीट
भाजपा ने सत्ता विरोधी लहर रोकने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी समेत कई प्रत्याशियों के हलके बदल दिए। उनका वोट नारायणगढ़ के मिर्जापुर में हैं। नायब सैनी साल 2014 में नारायणगढ़ से विधायक निर्वाचित हुए थे। 2019 में उन्होंने कुरुक्षेत्र लोकसभा से सांसद का चुनाव लड़ा था और जीत गये। इसके बाद 2024 में करनाल विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव जीता।
दुष्यंत चौटाला भी खुद को नहीं दे पाए वोट
भाजपा सरकार में साढ़े चार साल तक साझीदार रहे पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला उचाना विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि उनका वोट डबवाली में हैं। यही स्थिति अभय चौटाला के साथ है। अभय चौटाला ऐलनाबाद से चुनाव लड़ रहे हैं और उनका वोट डबवाली विस क्षेत्र में है।
चरखी दादरी में है विनेश फोगाट का वोट
पहलवान विनेश फोगाट जींद की जुलाना विस सीट से चुनावी दंगल में उतरी हैं, जिनका वोट चरखी-दादरी में है। गोहाना में चुनाव लड़ रहे पूर्व सांसद डॉ. अरविंद शर्मा, रतिया से चुनाव लड़ रही पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, सफीदो से चुनाव लड़ रहे रामकुमार गौतम, नरवाना से चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने भी मतदान नहीं किया।
यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: कांग्रेस को जाट-दलितों का साथ, हरियाणा में दो दर्जन सीटों पर आर-पार की लड़ाई
ये नहीं कर पाए अपने लिये मतदान
लाडवा से मेवा सिंह चुनाव लड़ रहे हैं जबकि उनका वोट थानेसर विस क्षेत्र में है। इसी तरह बरवाला से प्रत्याशी रणबीर गंगवा का वोट नलवा में है। प्रदीप नरवालने बवानी खेड़ा ने चुनाव लड़ा है, जबकि उनका गृह विस क्षेत्र गोहाना है। जयभगवान को भाजपा ने पिहोवा से उतारा था, उनका वोट थानेसर में है। गन्नौर से चुनाव लड़ रहे कुलदीप शर्मा करनाल के मतदाता हैं। रानियां ने निर्दलीय रणजीत चौटाला का वोट सिरसा की मतदाता सूची में है। फतेहाबाद की मतदाता सुनीता दुग्गल रतिया से चुनाव लड़ रही हैं।
