BJP नेताओं ने पिया यमुना का पानी, केजरीवाल के जहर वाले आरोपों को किया खारिज; विवाद में कांग्रेस भी कूदी
हरियाणा और दिल्ली के बीच यमुना के पानी को लेकर छिड़ी राजनीति और बढ़ गई है। भाजपा नेताओं ने मंगलवार को यमुना नदी में आचमन कर केजरीवाल के आरोपों को झूठा साबित करने की कोशिश की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि झूठ बोलना केजरीवाल की फितरत बन गई है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। यमुना में हरियाणा के लोगों द्वारा जहर घोलने के आरोपों पर गरमाई राजनीति के बीच भाजपा नेताओं ने झूठ की पोल खोलने के लिए मंगलवार को नदी में आचमन किया।
मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने बॉर्डर पर स्थित सोनीपत के अंतिम गांव दहिसरा में यमुना के पानी से आचमन करते हुए कहा कि हरियाणा से पूरी तरह से शुद्ध पानी दिल्ली में प्रवेश करता है।
'झूठ बोलना केजरीवाल की फितरत'
उन्होंने कहा कि हरियाणा में यमुना का पानी पूरी तरह से नहाने और पीने योग्य है, लेकिन जब यमुना दिल्ली से दोबारा फरीदाबाद में प्रवेश करती है, तो वह पूरी तरह से दूषित होती है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहन लाल बडौली ने कहा कि झूठ बोलना केजरीवाल की फितरत बन गई है।
यह भी पढ़ें- अरविंद केजरीवाल पर मानहानि का केस करेगी हरियाणा सरकार, यमुना में जहर मिलाने का लगाया था आरोप
वे भारतीय इतिहास के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री साबित हुए हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने आरोप जड़ा कि हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली की जल आपूर्ति में बाधा डालने और दिल्ली विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने की साजिश रच रही है।
कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा का बयान भी आया सामने
पूरे विवाद पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक अशोक अरोड़ा ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा और आप इस मुद्दे पर नूरा कुश्ती कर रही हैं। केजरीवाल के आरोपों को बेबुनियाद और निराधार करार देते हुए कहा कि इससे लोगों में भय पैदा होता है।
भाजपा और आप के नेता इस मुद्दे पर बयानबाजी करके लोगों को गुमराह कर रहे हैं। हरियाणा के भाजपाइयों का दिल्ली सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना तो सही है, लेकिन यह विरोध दिल्ली में जाकर करना चाहिए था।
पानी में ‘जहर’ मिलाने के आरोपों राजनीतिक घमासान चरम पर
बता दें कि यमुना के पानी में ‘जहर’ मिलाने के आरोपों पर हरियाणा और दिल्ली की सरकारों में राजनीतिक घमासान चरम पर पहुंच गया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा पर यमुना में जहर मिलाने के आरोप लगाये थे। इस पर आक्रोशित भाजपा विधायक और मंत्रियों की अगुवाई में मंगलवार को पूरे प्रदेश में धरने-प्रदर्शन के साथ केजरीवाल के पुतले फूंके।
दिल्ली में हरियाणा के भाजपा सांसदों ने जहां संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए केजरीवाल के खिलाफ मोर्चा खोला, वहीं पंचकूला में भाजपा सरकार के मंत्रियों व विधायकों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी के विरुद्ध नारे लगाए। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिल्ली में मोर्चा संभाला।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार से मुलाकात कर आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए नायब सैनी ने रिपोर्ट के साथ हकीकत सामने रखी।
केस करना है तो करो: केजरीवाल
नायब सैनी ने केजरीवाल को चुनौती दी कि ‘वह अपने बयान के लिए हरियाणा और दिल्ली के लोगों से तुरंत माफी मांगें, नहीं तो हम उनके खिलाफ मानहानि का केस करेंगे। सैनी के बयान पर पलटवार करते हुए केजरीवाल ने कहा कि ‘सैनी साहब पानी के ऊपर राजनीति ना करो, पाप चढ़ेगा। केस करना है तो करो। वैसे भी कोई कसर छोड़ी है क्या? अब क्या फांसी पर चढ़ाओगे?’
उधर, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिख हरियाणा से आ रहे पानी को दिल्ली में रोकने की मांग की है। आरोप लगाया कि हरियाणा से दिल्ली में प्रवेश करने वाली यमुना के पानी में अमोनिया का स्तर सामान्य से छह गुना अधिक है। यह स्तर मानव शरीर के लिए बहुत जहरीला है। जवाब में हरियाणा सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त को रिपोर्ट सौंप दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।