हरियाणा कांग्रेस में होगा बड़ा बदलाव, संगठन बनाने पर खुद ध्यान दे रहे हैं राहुल गांधी; भितरघातियों पर तिरछी नजर
राहुल गांधी हरियाणा कांग्रेस में बड़े बदलाव करने जा रहे हैं। संगठनात्मक ढांचे में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में पार्टी को नुकसान पहुंचाने वालों पर तिरछी निगाह रहेगी। ऐसे नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी नहीं मिलेगी। चुनाव में पार्टी को जिताने के लिए काम करने वाले नेताओं को जिलाध्यक्ष बनाया जा सकता है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में जबरदस्त तरीके से बदलाव होगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हरियाणा से मिलने जा रहे नेताओं को संगठनात्मक बदलाव के संकेत दिए हैं।
बदलाव में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाले नेताओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। ऐसे नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी नहीं मिलेगी। चुनाव में पार्टी को जिताने के लिए काम करने वाले नेताओं को जिलाध्यक्ष बनाने के संकेत राहुल गांधी ने दिए हैं।
नेताओं से खुद मिल रहे हैं राहुल गांधी
हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया के स्थान पर बीके हरिप्रसाद की नई नियुक्ति के रूप में संगठन में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान भी अपनी विदाई तय मानकर चल रहे हैं। राज्य में पिछले 11 साल से कांग्रेस का संगठन नहीं है। नये प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद जल्दी ही राज्य के कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करने का सिलसिला आरंभ करने वाले हैं। स्वयं राहुल गांधी ने हरियाणा के नेताओं से मुलाकात चालू कर दी है। हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान सुरेश गुप्ता के बाद अब असंध के पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी और पूर्व विधायक सूबे सिंह पुनिया ने अलग-अलग समय में नई दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की है।
कांग्रेस छोड़ने की तैयारी में ललित नागर
सुरेश गुप्ता की गिनती रणदीप सुरजेवाला और शमशेर सिंह गोगी की गिनती कुमारी सैलजा के समर्थक नेताओं में होती है। गोगी ने राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने वाले को चिन्हित करने व उन्हें संगठन में अहम पदों पर जिम्मेदारी नहीं देने का सुझाव दिया है। राहुल गांधी के साथ उन नेताओं के नाम पर भी चर्चा हुई, जो लगातार कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं। रादौर के पूर्व विधायक बिशन लाल सैनी के बाद अब घरौंडा के पूर्व विधायक नरेंद्र सांगवान और तिगांव के पूर्व विधायक ललित नागर कांग्रेस छोड़ने की तैयारी में है। हरियाणा के पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव शारदा राठौर पर भी भाजपा डोरे डाल रही है।
हुड्डा का विधायक दल का नेता बनना तय
राहुल गांधी के साथ शहरी निकाय चुनाव में कांग्रेस की मजबूत हिस्सेदारी नहीं होने पर भी बातचीत की गई है। विधानसभा चुनाव में टिकटों के आवंटन में रही कमियों पर चर्चा के बाद राहुल गांधी ने कहा है कि हरियाणा में कांग्रेस के संगठन को निचले स्तर पर मजबूत किया जाएगा। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में पार्टी को नुकसान पहुंचाने वालों को संगठन में कोई जगह नहीं दी जाएगी। कांग्रेस अभी तक राज्य में विधायक दल के नेता का भी फैसला नहीं कर पाई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का विधायक दल का नेता बनना तय है। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, वरुण चौधरी मुलाना, गीता भुक्कल, राव दान सिंह, जितेंद्र भारद्वाज और शमशेर सिंह गोगी की दावेदारी बताई जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।