Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    'दिल्ली में दोनों पार्टियां मिली हुई और पंजाब में हम आपके हैं कौन', CM नायब सैनी ने महागठबंधन को लेकर साधा निशाना

    Updated: Mon, 01 Apr 2024 04:38 PM (IST)

    हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) ने प्रेसवार्ता कर इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के भाईचारे का नजारा सबने देखा। ये घमंडिया गठबंधन घोटालेबाजों की बारात है। दिल्ली में आप और कांग्रेस पार्टी दोनों मिली हुई हैं लेकिन पंजाब में हम आपके हैं कौन।

    Hero Image
    CM नायब सैनी ने महागठबंधन को लेकर साधा निशाना।

    जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने प्रेसवार्ता कर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कल पूरे देश ने रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के भाईचारे का दृश्य देखा, जिसमें घमंडिया गठबंधन के लोग अपने भ्रष्टाचार को जस्टिफाई कर रहे थे, यह सबने देखा। ऐसा लगा कि यह घोटालेबाजों की बारात है, जिन्होंने देश को पहले भी लूटा और आगे भी लूटना चाहते हैं। और चाहते हैं उन पर कोई कार्रवाई भी न हो।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में दोनों पार्टियां मिली, पंजाब में हम आपके हैं कौन- सीएम सैनी

    आम आदमी पार्टी केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की गिरफ्तारी के विरोध में रैली कर रहे हैं। कांग्रेस कहती है कि यह किसी एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सबकी रैली है। दिल्ली में दोनो पार्टियां मिली हुई हैं और पंजाब में हम आपके हैं कौन। बंगाल में ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) अलग चुनाव लड़ रही है। कई अन्य राज्यों में गठबंधन का कोई जिक्र नहीं है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को कोई पूछ नहीं रहा।

    इनका काम जमकर करो घोटाले- सीएम नायब सैनी

    उन्होंने कहा कि इनका काम है जमकर घोटाले करो, गिरफ्तारी हो तो उसका विरोध करों। जांच एजेंसियों को गलत बताओ और धरना प्रदर्शन करो। ये लोग संदेशखाली जैसे मामलों पर कुछ नहीं कहते हैं। ये लोग उदयनिधी स्टालिन के सनातन विरोधी बचाव पर चुप रहते हैं। साथ ही देश विरोधी बात करते हैं। मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, सतेंद्र सिंह को जमानत कोर्ट नहीं दे रहा। केजरीवाल को रिमांड पर कोर्ट ने भेजा। तो क्या यह गठबंधन कोर्ट के फैसलों के विरोध में रैली कर रहा है। कोर्ट में दलीलें काम नहीं आती तो बाहर आकर हल्ला करना है।

    केजरीवाल ने खाई थी बच्चों की कसम- नायब सैनी

    सीएम नायब सैनी (CM Nayab Saini) ने आगे कहा कि केजरीवाल ने कहा था कि अगर उन पर कोई आरोप भी लगा तो वे राजनीति छोड़ देंगे। आज उन पर गंभीर आरोप लगे हैं। आज तो वह खुद भ्रष्टाचारियों के साथ खड़े हो गए। आज वो कोर्ट में कह रहे हैं मुझे रिमांड पर क्यों भेजा, मै तो मुख्यमंत्री हूं। जो कहते थे मैं गाड़ी नहीं लूंगा। आज वो काफिले में चल रहे हैं। शीश महल घोटाला किया, जिसने अपने बच्चों की कसम खाकर कहा था कि मैं भ्रष्टाचारियों से गठबंधन नहीं करूंगा। आज उनसे ही गठबंधन कर रहे हैं।

    ये भी पढ़ें: Haryana Politics: BJP इस सीट पर जीती तो ठीक नहीं तो राज्यसभा पक्की, हुड्डा परिवार का गढ़ पार्टी के लिए बना सिरदर्द

    बिहार में लालू और यूपी में अखिलेश पर साधा निशाना

    आरजेडी वाले लालू यादव चारा खा गए, इतना बड़ा चारा घोटाला किया। जो लालू कांग्रेस को खत्म करने की बात करते थे‌ आज उनसे गठबंधन कर रहे हैं। अखिलेश को भी याद रखना चाहिए कि उनके पिता मुलायम सिंह ने राम मंदिर के कार सेवकों पर गोली चलवाई थी। देख तेरे इंसान की हालत क्या हो गईं भगवान, कितना बदल गया इंसान

    शाहीन बाग में इन लोगों ने महिलाओं को आगे कर प्रदर्शन किया था। और अब ये लोग अपनी पत्नियों को आगे कर रहे हैं। इन्हें अपने किसी भी कार्यकर्ता पर विश्वास नहीं है। कांग्रेस के लोगो को भाजपा में शामिल करने की बात पर कहा कि जिसने भ्रष्टाचार किया है उस पर कानून कार्रवाई करेगा।

    कांग्रेस में जिनकी आवाज दबाई गई वो बीजेपी में आ रहे- सीएम सैनी

    जो कांग्रेस के अच्छे लोग हैं, जिनकी आवाज वहां सुनी नहीं जाती थी जिनकी आवाज दबा दी जाती थी वो लोग भाजपा में आ रहे हैं। कांग्रेस में अंहकार था, वो उसे ले डूबा है जो भाषा वो भाजपा के लिए प्रयोग करते हैं ‌वो उन पर लागू होता है। नरेंद्र मोदी ने किसान, गरीबों, युवाओं के लिए काम किया है, जिससे लोगों में सरकार पर विश्वास बढ़ रहा है।

    ये भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024: देवीलाल, भजनलाल व जिंदल की पीढ़ी अब BJP के लिए मांगेगी वोट, कभी आपस में था 36 का आंकड़ा