हरियाणा की अफसरशाही में बड़े बदलाव संभव, PM के दौरे की तैयारियों से भी खुश नहीं है CM सैनी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को हरियाणा दौरे के बाद राज्य में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की संभावना है। सरकार ने कई वरिष्ठ IAS-IPS अधिकारियों की तबादला सूची तैयार की है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के जून में रिटायरमेंट के बाद डॉ. सुमिता मिश्रा या सुधीर राजपाल उनके संभावित उत्तराधिकारी हो सकते हैं। पीएम दौरे के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय और जिला स्तर पर भी बदलाव तय माने जा रहे हैं।

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को हरियाणा दौरे (PM Modi Haryana Visit) के बाद राज्य की अफसरशाही में बदलाव हो सकता है। प्रदेश सरकार ने ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार कर ली है, जिन्हें स्थानांतरित किया जाना प्रस्तावित है।
प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों में जुटी सरकार ने राज्य के कई सीनियर आईएएस व आईपीएस अधिकारियों को 14 अप्रैल को हिसार व यमुनानगर में होने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी हुई है।
पीएम के दौरे से पहले यदि राज्य की अफसरशाही में बदलाव कर दिया जाता तो इन तैयारियों पर असर पड़ सकता था। इसलिए पीएम के दौरे के शांतिपूर्ण और सफल तरीके से पूर्ण होने का इंतजार किया जा रहा है।
8 IAS अधिकारी इस साल होंगे रिटायर
हरियाणा के 169 आईएएस अधिकारियों में इस साल आठ आईएएस अधिकारी रिटायर होने वाले हैं। इनमें मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सबसे सीनियर अधिकारी हैं, जिनकी रिटायरमेंट 30 जून को होगी। पिछली सरकारों में मुख्य सचिव को तीन से छह माह का सेवा विस्तार मिलता रहा है, लेकिन अनुराग रस्तोगी को यह सेवा विस्तार मिलने की संभावना नहीं है।
अनुराग रस्तोगी को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
सूत्रों के अनुसार अनुराग रस्तोगी को उनकी रिटायरमेंट के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। अनुराग रस्तोगी के स्थान पर राज्य की मौजूदा गृह सचिव एवं वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा मुख्य सचिव पद की प्रबल दावेदार हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय में पूर्व में अपनी सेवाएं दे चुकी सुमिता मिश्रा की रिटायरमेंट 31 जनवरी 2027 को है। उनसे पहले स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल की रिटायरमेंट 30 नवंबर 2026 को है। सुधीर राजपाल भी मुख्य सचिव पद के प्रबल दावेदार हैं, लेकिन पूर्व में सुधीर राजपाल की किस्मत कई बार उनका साथ नहीं दे पाई है।
सुधीर राजपाल और सुमिता मिश्रा दोनों ही 1990 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। प्रधानमंत्री के दौरे के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यालय (सीएमओ) में भी कुछ बदलाव होने की सुगबुगाहट है। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक उच्च अधिकारी किसी बड़े राज्य अथवा केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी प्राप्त करने के इच्छुक बताए जाते हैं। अपने लिए उपयुक्त स्थान खोजने के बाद वे हरियाणा से बाहर अपनी सेवाएं दे सकते हैं।
ये अधिकारी होंगे सेवानिवृत्त
राज्य के सीनियर आईएएस अधिकारी आनंद मोहन शरण 31 अगस्त, डॉ. अशोक खेमका 30 अप्रैल, आरसी बिदान 31 दिसंबर और सुजान सिंह 31 अक्टूबर को इसी साल रिटायर होने वाले हैं। आईएएस अधिकारी राजेश जोगपाल 30 सितंबर, जय कृष्ण अभिर 31 मई और डीसी महावीर कौशिक 30 जून को रिटायर होंगे।
कई अधिकारियों का सीएम के पास फीडबैक
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास कई जिलों से ऐसा फीडबैक है कि अधिकारी ठीक ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। हाल ही में पार्टी के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से अधिकारियों को यह संदेश दिया है कि यदि पार्टी कार्यकर्ताओं के होने वाले काम भी नहीं होंगे तो वे इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
निदेशक, प्रधान सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के करीब दो दर्जन अधिकारियों के प्रति भी फीडबैक ठीक नहीं है, जिसके आधार पर सरकार इन अधिकारियों के तबादले करने पर विचार कर रही है। इसी तरह जिलों में कुछ डीसी, एडीसी और एसडीएम के साथ पुलिस अधीक्षकों के भी तबादले किए जा सकते हैं।
14 अप्रैल को हरियाणा आएंगे पीएम मोदी
राज्य चुनाव आयोग और राज्य सूचना आयोग में भी कई नियुक्तियां होनी हैं, जहां रिटायर्ड अधिकारियों को एडजेस्ट किया जा सकता है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता फिलहाल 14 अप्रैल को हिसार और यमुनानगर में होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैलियों को सफल बनाने की है।
यमुनानगर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सीनियर आईएएस अधिकारी डॉ. अमित अग्रवाल हैं, जहां की तैयारियों से मुख्यमंत्री काफी संतुष्ट हैं। हिसार की तैयारियों से मुख्यमंत्री संतुष्ट नहीं हैं।
आईएएस अधिकारी अनीस यादव हिसार के डीसी हैं। प्रधानमंत्री को जिस हवाई अड्डे का लोकार्पण करना है, उस पर कई बार वन्य जीव घूमते पाए जा चुके हैं। इसलिए मुख्यमंत्री को स्वयं ही हिसार जाकर तैयारियों को अंतिम रूप देना पड़ा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।