'परिंदे की हालत ये क्या हो गई...', हरियाणवी अंदाज में CM नायब ने कांग्रेस की ली मौज, सदन में दिखा ट्रिपल इंजन का जोश
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण पर पांच दिनों तक चली चर्चा का जवाब देते हुए कांग्रेस को आंकड़ों और तथ्यों के साथ घेरा। सीएम ने कहा कि विपक्ष की गलत नीतियों के कारण ही जनता ने इन्हें जीरो पर आउट कर दिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को विधानसभा में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस की पूरी मौज ली। राज्यपाल के अभिभाषण पर पांच दिनों तक हुई चर्चा का जवाब देते हुए उन्होंने कांग्रेस को जमकर धोया। करीब तीन घंटे के जवाब के दौरान मुख्यमंत्री एक बार भी ना तो गुस्साए और न ही उनके चेहरे पर आवेश दिखाई पड़ा।
पूरे समय मुख्यमंत्री मुस्कुराते रहे और बहुत ही सरल व हलके-फुलके अंदाज में कांग्रेस की आलोचना करते रहे। कांग्रेस और इनेलो द्वारा उठाए गए प्रत्येक सवाल का आंकड़ों तथा तथ्यों के साथ जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने उनकी बार-बार चुटकी ली। सीएम बोले कि विपक्ष की गलत नीतियों के कारण ही जनता ने इन्हें जीरो पर आउट कर दिया।
जनता ने कांग्रेस को बाहर कर दिया
विधानसभा चुनाव के नतीजों से कुछ घंटे पहले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर खूब व्यंग्य कसे। सीएम ने कहा कि कांग्रेस वालों ने तो मुख्यमंत्री और मंत्री तक तय कर लिए थे। यह लोग विभागों का बंटवारा कर बैठे हुए थे। जिन्होंने पहले से हिस्से और पद बांट लिए थे, उनके हिस्से अब शहरी निकाय चुनाव में भी कुछ नहीं आया।
प्रदेश की जनता ने उन्हें राजनीति के खेल से बाहर कर दिया। 2029 के चुनाव में विपक्ष विधानसभा में बैठने लायक भी नहीं रहेगा। हम चाहते थे कि ये लोग विधानसभा में हमारे सामने बैठकर हमारी बात सुनते, लेकिन इन्हें विधानसभा में बैठना ही पसंद नहीं है। आगे भी इनके हिस्से कभी कुछ नहीं आने वाला है।
कांग्रेस की सीट पर बैठे सकेंगे इनेलो
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए अलग-अलग समय में चार शेर भी पढ़े। उनके हर शेर में कांग्रेस पर तंज था। इनेलो के प्रति सीएम थोड़ा नरम दिखे। उन्होंने विधायक अर्जुन चौटाला का नाम लेकर कहा कि भले ही कांग्रेस वाले वाकआउट कर चले गए, लेकिन आपको नहीं जाना है।
साल 2029 में कांग्रेस वाले नहीं, बल्कि इनेलो वाले भाजपा सरकार के सामने वाली बेंचों पर बैठे नजर आ सकते हैं। उन्होंने चुनाव में कांग्रेस की सत्ता नहीं आने पर चुटकी लेते हुए शेर पढ़ा...जल्दी जागना हमेशा अच्छा होता है, फिर चाहे वो नींद से हो, अहम से हो, वहम से हो...!
निकाय चुनाव में जनता ने हमें प्यार दिया
नायब सैनी ने सदन में कहा कि पिछले 10 सालों में हरियाणा से जिस तरह क्षेत्रवाद, भ्रष्टाचार व भाई भतीजावाद का खात्मा हुआ, उसी तरह से एक साल में कई लोगों के अरमान, आकांक्षाएं और भ्रम खत्म हो गए। उनका इशारा कांग्रेस की तरफ था।
सीएम बोले कि शहरी निकाय चुनाव में प्रदेश की जनता ने हमें अपना प्यार और आशीर्वाद दिया तथा पीएम मोदी की नीतियों पर मुहर लगाई है।
अब हमारी जिम्मेदारी है कि तिहरे इंजन की सरकार तीन गुणा रफ्तार से राज्य का विकास करेगी। उन्होंने कांग्रेस की निराशा पर तंज कसते हुए शेर पढ़ा...परिंदे की हालत ये क्या हो गई, तलब आसमां की थी, जमीन भी खो गई....!
विपक्ष की खुल गई पोल, मोदी पर विश्वास हुआ
मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके। उन्होंने कांग्रेसियों को बार-बार आईना दिखाया। उन्हें इस बात की नसीहत भी दी कि वाकआउट कर कांग्रेस ने गलत किया है। उनका एक और शेर देखिए....गांव शहर और नगर-नगर, हर डगर-डगर का विकास हुआ, विपक्ष की खुल गई पोल, जनता को मोदी पर विश्वास हुआ...!
सीएम ने विपक्ष द्वारा विधानसभा में उठाए गए मुद्दों को आधारहीन और अतार्कित बताते हुए कहा...चश्मदीद अंधा बना, बहरा सुने दलील, झूठों का है दबदबा, सच्चे हुए जलील....! नायब बोले कि झूठ के बल पर हिमाचल, कर्नाटक और तेलंगाना में कांग्रेस की सरकारें बनीं। यही झूठ हरियाणा में फैलाना चाह रहे थे। लेकिन हरियाणा में यह झूठ नहीं चल पाया है।
नायब ने बताई कांग्रेसियों के दिल की तकलीफ
मुख्यमंत्री ने सदन में जवाब दिया कि कांग्रेसियों की तकलीफ यह नहीं है कि भाजपा के राज में कुछ नहीं हुआ। उनकी तकलीफ यह है कि एक साल में इतना कुछ कैसे हो गया। भाजपा सरकार से हिसाब मांगने वाले कांग्रेसियों का प्रदेश की जनता ने हिसाब कर दिया।
भाजपा की नीति, नीयत और नेतृत्व को मजबूत बताते हुए नायब सैनी ने एक आखिरी शेर पढ़ा.... जिस हवा का दीपक बुझाना ध्येय हो, उस हवा में दीपक जलाना धर्म है, जिन मुश्किलों में मुस्कुराना हो मना, उन मुश्किलों में मुस्कुराना धर्म है...! बाद में सर्वसम्मति से राज्यपाल के अभिभाषण को पारित कर दिया गया।
हरविन्द्र कल्याण और मनोहर लाल के प्रति नायब प्रेम
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण को पूरा सम्मान दिया। उन्होंने स्पीकर को बार-बार अध्यक्ष जी महाराज और अध्यक्ष जी महोदय कहकर संबोधित किया है। अपने पूरे संबोधन के दौरान सीएम हरियाणवी और बिंदास अंदाज में नजर आए।
विधायकों द्वारा अतार्किक सवाल उठाने का जिक्र करते हुए नायब सैनी ने स्पीकर से कहा कि वे जनप्रतिनिधियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम जारी करें। नायब सैनी ने अपने संबोधन के दौरान कई बार पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व तथा कार्यों का जिक्र किया। नायब का मनोहर के प्रति प्रेम सदन में खूब दिखाई दिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।