Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Haryana BJP: हरियाणा में भाजपा को कल मिलेंगे 27 नए जिलाध्यक्ष, 15 की होगी छुट्टी; क्या है पूरी प्रक्रिया?

    Updated: Sun, 16 Mar 2025 01:00 PM (IST)

    Haryana BJP हरियाणा बीजेपी सोमवार को सभी 27 जिलों के लिए नए जिलाध्यक्षों की घोषणा करेगी। इच्छुक कार्यकर्ता रविवार को अपने- अपने जिला कार्यालयों में आवेदन कर सकते हैं। 17 मार्च तक चयन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। अधिकतर जिलाध्यक्ष बदले जाने की संभावना है। कुछ पुराने जिलाध्यक्षों को राज्य कमेटी में काम करने का मौका दिया जा सकता है।

    Hero Image
    कल होगी हरियाणा बीजेपी में 27 नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति (File Photo)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा (Haryana BJP) के सभी जिलाध्यक्षों की घोषणा सोमवार को हो जाएगी। भाजपा ने अपने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करने का मौका दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि यदि वे जिलाध्यक्ष बनने के इच्छुक हैं तो रविवार को अपने-अपने जिला कार्यालयों में आवेदन कर सकते हैं। पार्टी कार्यालयों में रविवार को पूरे दिन जिला चुनाव अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो पार्टी कार्यकर्ताओं से जिलाध्यक्ष पद के लिए आवेदन प्राप्त करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    27 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति करेगी भाजपा

    प्रदेश में 22 जिले हैं। भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टि से पांच जिले और बनाए हैं। कुल मिलाकर भाजपा राज्य में 27 जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां करेगी। इस बार अधिकतर जिलाध्यक्ष बदले जाने की संभावना है। कुछ पुराने जिलाध्यक्षों को राज्य कमेटी में काम करने का मौका दिया जा सकता है तो कुछ की जिलाध्यक्ष के मौजूदा दायित्व से पूरी तरह छुट्टी की जा सकती है।

    भाजपा ने हालांकि यह चिह्नित किया हुआ है कि किस जिले में किसे जिलाध्यक्ष पद का नया दायित्व सौंपा जा सकता है, लेकिन पार्टी में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर कार्यकर्ताओं की मुहर लगाने तथा उन्हें भी चुनाव में शामिल होने का मौका देते हुए पार्टी ने सभी दावेदारों से जिलाध्यक्ष के पदों के लिए आवेदन मांग लिए हैं।

    17 मार्च तक पूरी हो जाएगी चयन की प्रक्रिया

    भाजपा की प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. अर्चना गुप्ता ने शनिवार रात को करीब 12 बजे एक परिपत्र जारी कर 17 मार्च को जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर लिए जाने का दावा किया है।

    उन्होंने बताया कि 16 मार्च यानी रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक जिला चुनाव अधिकारी के पास प्रत्येक जिला कर्यालय में जिलाध्यक्ष के पद के लिए कार्यकर्ता अपने-अपने आवेदन जमा करा सकते हैं।

    दोपहर दो बजे से शाम चार बजे के बीच इन आवेदनों की छंटनी होगी और शाम चार बजे से छह बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। अगले दिन 17 मार्च को सुबह 10 बजे सभी 27 जिलों के चुनाव संपन्न होंगे।

    सर्वसम्मति से घोषित किए जाएंगे जिलाध्यक्ष

    प्रदेश चुनाव अधिकारी ने हालांकि निर्वाचन प्रक्रिया से जिलाध्यक्ष घोषित किए जाने की बात कही है, लेकिन माना जा रहा है कि किसी भी जिले में मतदान के जरिये चुनाव कराने की नौबत नहीं आएगी। प्रत्येक जिले में सर्वसम्मति से संगठन के राज्य स्तरीय नेतृत्व की सहमति पर नये जिलाध्यक्ष घोषित किए जाएंगे।

    भाजपा सूत्रों का कहना है कि 22 जिलों में से कम से कम 15 जिलाध्यक्ष बदले जाने हैं। कुछ जिलाध्यक्ष ओवर एज (अधिक आयु) होने की वजह से हटेंगे, तो कुछ ने स्वयं ही इस पद पर काम नहीं करने की इच्छा जाहिर की है। कुछ जिलाध्यक्ष ऐसे भी हैं, जिनकी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में परफारमेंस अच्छी नहीं थी।

    बीजेपी ने बनाए हैं ये 5 नए जिले

    भाजपा ने संगठन के लिहाज से जो पांच नये जिले बनाए हैं, उनमें हांसी, गोहाना, डबवाली, गुरुग्राम महानगर और बल्लभगढ़ जिले शामिल हैं। नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष मिलकर राज्य के नये भाजपा अध्यक्ष का चुनाव करने की औपचारिकताा निभाएंगे।

    मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली के ही फिर से दायित्व मिलने की पूरी संभावना है। उन्हें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ का भरोसेमंद माना जाता है।

    ये भी पढ़ें- 'यमुना में नाले का पानी नहीं गिरना चाहिए', प्रदूषण को लेकर हरियाणा सरकार सख्त; एक्शन मोड में CM सैनी

    ये भी पढ़ें- Haryana Budget 2025 में पूरे होंगे BJP के संकल्प पत्र से जुड़े 50 से ज्यादा वादे, किन मुद्दों पर रहेगा खास फोकस?