भाजपा से राज्यसभा के लिए सिर्फ प्रो. गणेशी लाल और डॉ.सुधा यादव के नाम
भाजपा में हरियाणा से राज्यसभा के लिए सिर्फ प्रोफेसर गणेशी लाल और डॉ.सुधा यादव के नाम चल रहे हैं। प्रदेश प्रभारी डॉ.अनिल जैन यूपी से राज्यसभा जा सकते हैं।
नई दिल्ली [बिजेंद्र बंसल]। हरियाणा से राज्यसभा में कांग्रेस के शादीलाल बतरा का कार्यकाल पूरा होने के बाद खाली हुई एक सीट के लिए अब भाजपा में सिर्फ दो ही नामों पर विचार किया जा रहा है। ये हैं भाजपा अनुशासन समिति के राष्ट्रीय संयोजक प्रोफेसर गणेशी लाल और भाजपा की राष्ट्रीय सचिव डॉ.सुधा यादव।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और हरियाणा प्रभारी डॉ.अनिल जैन भी हालांकि पहले राज्य से ही सबसे सशक्त उम्मीदवार माने जा रहे थे, अब माना जा रहा है कि उन्हें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा में भेजा जाएगा। इसलिए हरियाणा की एक सीट पर राज्य के ही पुराने भाजपाई को दी जाएगी।
प्रोफेसर गणेशी लाल 1996 में पहली बार विधायक बनने के बाद चौधरी बंसीलाल के नेतृत्व वाली हविपा और भाजपा गठबंधन सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री थे। केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रोफेसर गणेशीलाल को पार्टी की अनुशासन समिति की राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी गई।
पार्टी सूत्र बताते हैं कि प्रोफेसर गणेशी लाल को पहले एक प्रदेश का राज्यपाल बनाया जाना था, मगर किन्हीं कारणों से ऐसा नहीं हो सका था। तब की महेंद्रगढ़ (1999-2004) सीट से सांसद रह चुकीं सुधा यादव पार्टी की राष्ट्रीय सचिव हैं। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते हैं, क्योंकि कारगिल युद्ध के बाद डॉ.सुधा यादव को लोकसभा का टिकट देने का निर्णय स्वयं नरेंद्र मोदी ने किया था। तब मोदी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव होने के नाते हरियाणा प्रदेश के प्रभारी थे।
मनचंदा, राजीव जैन, सहित दो मंत्री भी हैं लाइन में
राज्यसभा की इस एक सीट के लिए पूर्व प्रदेशाध्यक्ष आत्मप्रकाश मनचंदा, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ सहित भाजपा के मीडिया प्रमुख राजीव जैन भी लाइन में हैं। माना जा रहा है कि भाजपा हाईकमान शनिवार देर रात तक इस निर्णय पर अंतिम मुहर लगा देगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।