Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली चुनाव में हरियाणा के नेताओं का दबदबा, 10 में से छह ने हासिल की जीत; किस पार्टी से थे प्रत्याशी?

    Updated: Sat, 08 Feb 2025 10:00 PM (IST)

    Delhi Vidhansabha Chunav Result 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव में हरियाणा के 10 नेताओं में से 6 ने जीत हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले 5 नेता जीते हैं जबकि आम आदमी पार्टी के 1 नेता ने जीत हासिल की है। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले नेता को हार का सामना करना पड़ा है।

    Hero Image
    ग्राफिक्स में मौजूद मैप स्केल पर बेस्ड नहीं है (जागरण ग्राफिक्स)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। दिल्ली के विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हरियाणा के 10 नेताओं में से छह ने जीत हासिल की है। हरियाणा मूल के चार नेता इस बार विधानसभा चुनाव हार गये हैं।

    दिल्ली विधानसभा में हरियाणा के जिन छह नेताओं को प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है, उनमें से पांच भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते हैं। आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले हरियाणा के तीन नेता चुनाव हार गये, जबकि एक नेता चुनाव जीता है। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले एक नेता को दिल्ली में हार का सामना करना पड़ा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली की इन सीटों पर मिली फतेह

    दिल्ली राज्य की बदरपुर, राजौरी गार्डन, रिठाला, दिल्ली छावनी, मादीपुर, विश्वास नगर, उत्तम नगर, आदर्श नगर, शकूर बस्ती और त्रिनगर विधानसभा सीटों पर भाजपा, आप और कांग्रेस उम्मीदवारों के रूप में चुनाव लड़ रहे थे। बदरपुर सीट पर फरीदाबाद के पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना के बेटे अर्जुन भड़ाना ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सिर्फ 3145 वोट ही मिले हैं। यहां आम आदमी पार्टी की जीत हुई है।

    दिल्ली की राजौरी गार्डन विधानसभा सीट पर सिरसा के रहने वाले मनजिंदर सिंह सिरसा ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, जिन्होंने करीब 21 हजार मतों के अंतर से जीत हासिल की है।

    मनजिंदर सिंह सिरसा प्रमुख सिख नेता हैं और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव हैं। उनकी गिनती केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के करीबियों में होती है।

    यह भी पढ़ें- चुनाव नतीजों के बीच CM नायब सैनी का केजरीवाल पर निशाना- 'अपनी मिट्टी का अपमान करके दिल्ली के कैसे हो जाते'

    रिठाला से कैथल के महेंद्र गोयल हारे

    रिठाला विधानसभा सीट से कैथल के महेंद्र गोयल आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन यहां भाजपा के कुलवंत राणा चुनाव जीते हैं। कैथल के गांव गुलियाना निवासी महेंद्र गोयल रिठाला सीट से 29 हजार वोटों के अंतर से चुनाव हारे हैं। महेंद्र गोयल लगातार दो बार आम आदमी पार्टी की टिकट पर रिठाला विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं। कुलवंत राणा ने महेंद्र गोयल से अपनी पुरानी हार का बदला लिया है।

    दिल्ली छावनी विधानसभा सीट से झज्जर के गांव दूबलान के वीरेंद्र कादियान ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। कादियान यहां चुनाव जीत गये हैं।

    राखी बिडला को भी मिली हार

    मादीपुर विधानसभा सीट से झज्जर जिले के गांव छारा की रहने वाली राखी बिडला ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन इस सीट पर भाजपा के कैलाश ने चुनाव जीता है। राखी बिडला चुनाव हार गई हैं।

    विश्वासनगर विधानसभा सीट से हिसार के उकलाना के रहने वाले दीपक सिंगला ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, मगर यहां भाजपा के ओपी शर्मा चुनाव जीते हैं और दीपक सिंगला चुनाव हार गये हैं।

    दिल्ली की उत्तम नगर विधानसभा सीट से जींद जिले के नरवाना के रहने वाले पूर्व विधायक पवन शर्मा ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। पवन शर्मा इस बार चुनाव जीत गये हैं। आदर्श नगर विधानसभा सीट से हिसार के हांसी के रहने वाले राजकुमार ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत गये।

    शकूर बस्ती विधानसभा सीट से सोनीपत के रहने वाले करनाल सिंह ने भाजपा के टिकट पर ताल ठोंकी थी। यहां करनैल सिंह चुनाव जीत गये हैं। दिल्ली की त्रिनगर विधानसभा सीट पर सोनीपत के ही रहने वाले तिलक राज गुप्ता ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। गुप्ता यहां अपना विधानसभा चुनाव जीत गये हैं।

    यह भी पढ़ें- 'झूठ, धोखाधड़ी और मुफ्तखोरी की राजनीति का अंत', दिल्ली चुनाव नतीजों के बीच अनिल विज ने साधा 'आप' पर निशाना