जींद में मतगणना की तैयारियां पूरी, दोपहर 12 बजे तक आ जाएंगे नतीजे
जाटलैंड जींद का सिकंदर कौन होगा, इसका पता वीरवार दोपहर बारह बजे तक चल जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। जाटलैंड जींद का सिकंदर कौन होगा, इसका पता आज दोपहर बारह बजे तक चल जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत के प्रति खासे आशान्वित हैं। मतगणना अधिकारी केंद्र पर पहुंच गए हैं।
भाजपा को जहां भारी मतों के अंतर से जीत की उम्मीद है, वहीं जननायक जनता पार्टी और कांग्रेस भी अपनी जीत के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त हैैं। भाजपा के बागी सांसद राजकुमार सैनी की लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी इस रण में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।
जींद उपचुनाव के नतीजों पर पूरे प्रदेश की निगाह टिकी हुई है। 2014 में 70 फीसद मतदान की अपेक्षा इस उपचुनाव में 76 फीसदी वोट पड़े हैैं। मतगणना 31 जनवरी को सुबह आठ बजे से होगी। जींद के अर्जुन स्टेडियम के बहुउद्देश्यीय हाल को मतगणना केंद्र बनाया गया है। वहां सुरक्षा के खास प्रबंध किए गए हैैं।
दस सीसीटीवी कैमरों के साथ स्ट्रांग रूम के हर गेट पर दो-दो कैमरे लगाए गए है। आसपास के इलाकों में अद्र्धसैनिक बलों के जवाब तैनात किए गए हैैं। मतगणना के लिए 14 टेबल लगाई जा रही हैं। प्रत्येक टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक कांउटिंग सहायक काम करेगा। मतगणना का काम 13 राउंड में पूरा होगा। दोपहर 12 बजे तक गिनती का कार्य पूरा होने की संभावना है।
प्रथम राउंड में औपचारिकताएं पूरी करने में कुछ समय लग सकता है। इसके बाद हर राउंड लगभग दस मिनट में पूरा होगा। गिनती की प्रक्रिया चुनाव आयोग के पोर्टल भी आनलाइन उपलब्ध रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी को जींद में करीब 15 शिकायतें प्राप्त हुई, जो सभी आधारहीन पाई गईं।
भाजपा सरकार के अधिकतर मंत्री जींद में अपनी पार्टी के उम्मीदवार कृष्ण मिड्ढा की जीत का दावा कर रहे हैैं। प्रदेश के विकास कार्यों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को वे इसका श्रेय दे रहे हैैं। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि रणदीप सिंह सुरजेवाला चुनाव जीतकर रिकार्ड कायम करेंगे। ऐसा ही दावा जननायक जनता पार्टी के नेताओं का दिग्विजय सिंह चौटाला को लेकर है, जबकि इनेलो नेता भी उम्मेद सिंह रेढू की जीत का दावा कर रहे। लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के विनोद आश्री पर यह निगाह टिकी हुई है कि वे इस रण में कितने वोट लेते हैैं। उन्हें जितने भी वोट मिलेंगे, उतने मतों का भाजपा को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।