Haryana Politics: कांग्रेस का 'हाथ' छोड़ BJP में शामिल हुए नेताओं पर एक्शन, 6 साल के लिए लगा बैन; देखें लिस्ट
कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखाया है। तिरलोचन सिंह अशोक खुराना प्रदीप चौधरी मधु चौधरी रामनिवास राडा हरविंद्र लवली और राम किशन सेन का छह साल के लिए कांग्रेस से निष्कासन हो गया है। हरियाणा के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस गुटबाजी का शिकार हो गई। प्रदेश में 10 साल से ज्यादा समय से कांग्रेस का संगठन नहीं बन पाया है।
राज्य ब्यूरो,चंडीगढ़। हरियाणा में शहरी निकाय चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके सात नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष ने छह साल के लिए संगठन से निकाल दिया है।
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने भाजपा में शामिल हो चुके इन नेताओं पर कांग्रेस विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। यह कांग्रेस नेता अलग-अलग समय पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आस्था जताते हुए भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
इन कांग्रेसियों के पार्टी छोड़ने से पूरे राज्य में कांग्रेस के प्रति नकारात्मक संदेश गया है। कांग्रेस के कुछ और नेता जल्दी ही भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठे हैं। हरियाणा के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस गुटबाजी का शिकार रही है। प्रदेश में 10 साल से अधिक समय से कांग्रेस का संगठन नहीं बन पाया है। कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया को भी हाईकमान ने बदल दिया है।
बीके हरिप्रसाद बने नये प्रभारी
बीके हरिप्रसाद को हरियाणा कांग्रेस का नया प्रभारी बनाया गया है। अभी तक उन्होंने राज्य का कार्यभार नहीं संभाला लेकिन प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने वीरवार को एक पत्र जारी कर कहा कि प्रदेश प्रभारी की अनुमति के बाद सात कांग्रेस नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया है।
निकाले गए नेताओं में तिरलोचन सिंह भी शामिल हैं
कांग्रेस ने जिन सात नेताओं को पार्टी से निकाला है उनमें करनाल विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विरुद्ध विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सरदार तिरलोचन सिंह भी शामिल हैं। तिरलोचन सिंह जिला कांग्रेस कमेटी करनाल के प्रधान रह चुके हैं।
वे करनाल नगर निगम से कांग्रेस का टिकट मांग रहे थे। जिला कांग्रेस कमेटी करनाल के ही पूर्व प्रधान अशोक खुराना, कॉर्डिनेशन कमेटी (नॉर्थ जोन) के सदस्य यमुनानगर के प्रदीप चौधरी, यमुनानगर शहरी की पूर्व जिला प्रधान मधु चौधरी और हिसार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके रामनिवास राडा को पार्टी से छह साल के लिए निकाला गया है।
यह भी पढ़ें-Haryana News: वाट्सएप पर न्यूड कॉल करके लगाया 94500 रुपये का चूना, आरोपित को पुलिस ने दिल्ली से दबोचा
कांग्रेस एससी विभाग के प्रदेश महासचिव गुरुग्राम निवासी हरविंद्र लवली तथा पीसीसी डेलीगेट गुरुग्राम निवासी राम किशन सेन को भी पार्टी से निकाला गया है।
हरियाणा में प्रियंका गांधी के परिवार के नजदीकी तिगांव के पूर्व विधायक ललित नागर पर भी भाजपा डोरे डाल रही है। सीएम के पूर्व राजनीतिक सचिव अजय गौड़ उनकी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात करा चुके हैं। बल्लभगढ़ के पूर्व विधायक शारदा राठौर से भी भाजपा नेताओं ने संपर्क साधा है।
कांग्रेस ने इन दोनों नेताओं के टिकट काट दिए थे। रादौर के पूर्व विधायक बिशन लाल सैनी भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं लेकिन पार्टी ने अभी तक सैनी के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने दावा किया कि जल्दी ही कई कांग्रेसी चेहरे भाजपा का दामन थाम सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।