पल्ला घाट पर यमुना का पानी पीकर वजीराबाद पहुंचे CM नायब, दोनों पानी में दिखाया अंतर; केजरीवाल पर साधा निशाना
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली-सोनीपत बॉर्डर पर यमुना नदी के पानी की गुणवत्ता में अंतर को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा स्वच्छ पानी की आपूर्ति कर रहा है जबकि दिल्ली में यही पानी वहां की सरकार की नाकामी के कारण खराब हो रहा है। नायब सैनी ने दिल्ली सरकार पर कई बड़े गंभीर आरोप लगाए।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। दिल्ली विधानसभा के चुनाव में यमुना के पानी पर जमकर राजनीति हो रही है। दिल्ली-सोनीपत बॉर्डर पर गांव पल्ला के घाट पर यमुना नदी का पानी पीने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिल्ली के वजीराबाद स्थित यमुना घाट पर पहुंचे।
नायब सैनी पल्ला घाट का पानी कांच के जार में भरकर साथ ले गये थे और उन्होंने वजीराबागद घाट का पानी भी जार में भरकर मीडिया को दिखाया।
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा की ओर से दिए जा रहे पानी और दिल्ली में मौजूद पानी में जमीन आसमान का अंतर है। हरियाणा स्वच्छ पानी की सप्लाई कर रहा है और दिल्ली में यही पानी वहां की सरकार की नाकामी की वजह से खराब हो रहा है।
'अपनी नाकामियों को छिपा रहे हैं केजरीवाल'
वजीराबाद घाट पर मीडिया को कांच के दोनों जार में भरा पानी दिखाते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को गंदा पानी पीने के लिए मजबूर कर दिया। दिल्ली की आप सरकार यहां के लोगों के साथ किए गए वादे पूरे नहीं कर पाई।
अब घटिया राजनीति के माध्यम से इन नाकामियों को छिपाया जा रहा है। नायब सैनी ने कहा कि यमुना का पवित्र जल मैंने खुद पिया है, जो कि बहुत ही स्वच्छ है, लेकिन दिल्ली में आप-दा सरकार की विफलता से यमुना का जल दूषित हो रहा है।
'हरियाणा में पानी स्वच्छ, दिल्ली में दूषित'
पानी को स्वच्छ करने की दिशा में आप-दा सरकार 10 सालों में कोई काम नहीं कर पाई है। दिल्ली में यमुना में दूषित पानी लगातार डाला जा रहा है और उसके रोकने अथवा स्वच्छ करने की दिशा में आप-दा सरकार ने कोई काम नहीं किया।
नायब सैनी ने दिल्ली सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि हम यमुना नदी के माध्यम से दिल्ली को स्वच्छ जल देते हैं, लेकिन अपने कुप्रबंधन से दिल्ली की सरकार यमुना को प्रदूषित कर देती है।
यमुना का यही पानी हमें फरीदाबाद में मिलता है तो इसकी गुणवत्ता बेहद खराब होती है, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां होने का खतरा पैदा हो रहा है।
'दिल्ली से छोड़े गए पानी को कोई पी नहीं सकता'
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने अरविंद केजरीवाल की चाल और चरित्र को पहचान लिया है, इसलिए दिल्ली की जनता अब उनका सूपड़ा साफ करेगी। अरविंद केजरीवाल ने 10 सालों में दिल्ली का विकास नहीं किया और ध्यान भटकाने के लिए हरियाणा पर आरोप लगा रहे हैं।
हरियाणा से यमुना में छोडे़ जा रहे पानी को पल्ला घाट पर उन्होंने खुद पिया है, लेकिन दिल्ली से छोडे़ गए पानी को कोई पी नहीं सकता।
'दिल्ली में सुविधाएं नजर नहीं'
सीएम नायब सैनी ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने नाले, तालाबों की सफाई, सीवरेज सिस्टम ठीक करने सहित अन्य कार्यों के लिए साढ़े आठ हजार करोड़ रुपये दिए, जिनका हिसाब नजर नहीं आ रहा।
मुख्यमंत्री का काम जनता को सुविधाएं देने का होता है, परंतु दिल्ली में तो सुविधाएं नजर ही नहीं आ रही हैं। अब आप-दा की झूठ की दुकान पर जल्दी ही ताला लगने वाला है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।