विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लाडो लक्ष्मी योजना में बदलाव: कैबिनेट की मंजूरी के बाद CM नायब ने जारी की 12वीं किस्त, 10 लाख महिलाओं के खाते में आए पैसे

Published: Sat, 10 Oct 2026 11:01 PM (IST)

हरियाणा मंत्रिमंडल ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की आय सीमा 1 लाख से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये सालाना कर दी है, जिससे अधिक परिवारों की महिलाओं को लाभ मिलेगा।

कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करते सीएम नायब सैनी। फोटो जागरण

कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करते सीएम नायब सैनी। फोटो जागरण

HighLights

  1. योजना की आय सीमा 1.80 लाख रुपये की गई।

  2. मासिक सहायता ₹2100, भुगतान विधि में बदलाव।

  3. सत्यापन प्रक्रिया अब मासिक से तिमाही होगी।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में अब 1.80 लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवारों की 'लाडो' को भी 'लक्ष्मी' मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने की घोषणा की थी, जिस पर मंत्रिमंडल ने शनिवार को मुहर लगा दी।

नए बदलाव एक नवंबर से लागू होंगे। दूसरे चरण में दो लाख 57 हजार 147 महिलाओं ने पंजीकरण करवाया है। इन लाभार्थियों को अगले महीने योजना के तहत राशि जारी की जाएगी। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पहले पारिवारिक आय की सीमा एक लाख रुपये रखी गई थी।

आय की पात्रता सीमा 80 हजार रुपये बढ़ाने से योजना में उन परिवारों की महिलाएं भी शामिल हो सकेंगी, जिनकी सालाना आमदनी 1.80 लाख रुपये तक है। सरकार के मुताबिक फिलहाल 10 लाख से अधिक महिलाएं योजना का लाभ ले रही हैं। बदलावों का उद्देश्य अधिक पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ना और भुगतान व्यवस्था को एकरूप बनाना है।

पहली किस्त की पूरी राशि खाते में जमा होगी

हर पात्र महिला को 2100 रुपये की पूरी मासिक सहायता मिलेगी। कम राशि चुनने का विकल्प खत्म कर दिया गया है। योजना के भुगतान का तरीका भी बदलेगा। नए लाभार्थियों की पहली किस्त की पूरी राशि उनके बचत बैंक खाते में जमा होगी।

दूसरे महीने से 1100 रुपये सीधे बचत खाते में आएंगे, जबकि बाकी 1000 रुपये योजना के प्रविधानों के अनुसार सरकार द्वारा संचालित आवर्ती जमा (आरडी) या सावधि जमा (एफडी) खाते में जमा किए जाएंगे। यानी हर महीने मिलने वाली 2100 रुपये की सहायता में से 1,000 रुपये सीधे खर्च के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, बल्कि जमा खाते में जाएंगे।

लाभार्थियों को अब हर महीने जीवंतता सत्यापन नहीं कराना होगा। कैबिनेट ने इसकी अवधि मासिक से बढ़ाकर तिमाही कर दी है। सहायता जारी रखने के लिए महिलाओं को हर तीन महीने में लाडो लक्ष्मी एप के जरिए चेहरे का प्रमाणीकरण कराना होगा। इससे लाभार्थियों के लिए सत्यापन की बार-बार की प्रक्रिया कम होगी, जबकि पहचान की पुष्टि भी होती रहेगी।

यह भी पढ़ें- स्थानीय निकायों पर धन वर्षा, लाडो लक्ष्मी में बदलाव व अग्निवीरों को राहत... कई बड़े फैसलों पर लगी हरियाणा कैबिनेट की मुहर

लाडो लक्ष्मी की 12वीं किस्त जारी

कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 12वीं किस्त जारी कराते हुए 10 लाख 10 हजार लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में 212 करोड़ रुपये हस्तांतरित कर दिए। अब तक इस योजना की 12 किस्तों में 2466 करोड़ 63 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है।

यह भी पढ़ें- स्थानीय निकायों और पंचायतों को मिलेगा टैक्स से कमाई का सातवां हिस्सा, हरियाणा कैबिनेट का बड़ा फैसला

यह भी पढ़ें- लाडो लक्ष्मी योजना में बदलाव: कैबिनेट की मंजूरी के बाद CM नायब ने जारी की 12वीं किस्त, 10 लाख महिलाओं के खाते में आए पैसे