पत्नी ने ही प्रेमी संग मिलकर की थी NRI पति की हत्या, फिर रची झूठी कहानी; एक छोटी चूक से खुल गया राज
कुरुक्षेत्र के आदर्श कालोनी में एक NRI पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस पूछताछ में पत्नी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह शादी नहीं करना चाहती थी इसलिए उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मस्तान की हत्या की साजिश रची थी।

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। गांव मोरथली की आदर्श कालोनी के संधू फार्म में सोमवार रात चाकुओं से गोद कर एनआरआई मस्तान सिंह की हत्या उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। पुलिस पूछताछ में मस्तान की पत्नी अंजली ने स्वीकार किया था कि वह शादी नहीं करना चाहती थी।
इसी कारण उसने अपने प्रेमी गांव मांगना निवासी विशाल के साथ मिलकर मस्तान की जर्मनी से आने से पहले ही उसकी हत्या की साजिश रच ली थी।
पुलिस को सुनाई थी झूठी कहानी
उसने पुलिस को बताया था कि जब वह कमरे में सो रहे थे, तो रात को कुछ युवक आए और उन्होंने उसे बांध कर कोने में बैठा दिया था और लूटपाट की। इसी बीच मस्तान उठ गया तो उस पर हमला कर दिया। मगर पुलिस को मस्तान की पत्नी अंजली के कपड़ों पर खून लगा दिख गया था। जिससे उस पर शक हुआ।
यह भी पढ़ें- Gurugram Crime: गुरुग्राम में युवक की हत्या कर फेंका शव, सिर पर मिले चोट के निशान
वहीं, अंजली का मोबाइल चेक करने पर उससे मैसेज व फोन कॉल डिलीट मिली थी। जिसके आधार पर गहनता से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि उसने अपने प्रेमी गांव मांगना निवासी विशाल, पिहोवा निवासी रवि व अभिषेक उर्फ अभी के साथ मिल कर हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है। चारों को गुरुवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा।
3 मार्च को हुई थी शादी
गौरतलब है कि गांव मोरथली निवासी जोगिंद्र कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि उसके लड़के मस्तान सिंह की शादी तीन मार्च को हुई थी। मस्तान सिंह शादी के करीब 25 दिन के बाद जर्मनी चला गया था। उसके पति की तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण उनका लड़का मस्तान सिंह अपने पिता अवतार सिंह का इलाज कराने के लिए 27 सितंबर को सुबह नौ बजे अपने घर पहुंचा।
30 सितंबर को मस्तान सिंह व उसकी पत्नी खाना खा कर अपने कमरे में सोने के लिए चले गए थे। रात करीब 11:30 बजे उसकी पुत्रवधू, जिसके हाथ व पैर चुन्नी से बंधे हुए थे, उसके कमरे के पास आई और उसे आवाज देकर जगाया कि मस्तान सिंह की अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियारों से चोटें मारकर हत्या कर दी है।
अज्ञात व्यक्तियों ने स्टोर में रखे ट्रंक से पांच हजार यूरो, एक जोड़ी सोने की बाली, उसकी पुत्रवधू के गले से सोने की चेन, कान से बाली भी छीन कर ले गए। मस्तान सिंह का पासपोर्ट व अन्य कागजात भी ट्रंक में से लेकर गए हैं।
अपने प्रेमी विशाल को दिलवाई थी गाड़ी
पुलिस की अपराध शाखा दो प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि मार्च में मस्तान सिंह वापस जर्मनी चला गया था। वह अंजली को कुछ पैसे देकर गया था। अंजली ने प्रेमी को पैसे देकर गाड़ी दिलवाई थी। उसके बाद भी अंजली विशाल को पैसे देती रही।
पूछताछ में अंजली ने बताया कि उसका भाई डीजे का काम करता है और विशाल सामान को लोड करके ले जाता है। उसका दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह मस्तान से शादी नहीं करना चाहती थी, मगर परिजनों ने उसकी जबरदस्ती शादी करवा दी थी। मगर वह लगातार विशाल से संपर्क में थी और उन्होंने मस्तान को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।