गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा कुरुक्षेत्र, 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर; CIA प्रभारी को भी लगी गोली
कुरुक्षेत्र पुलिस ने लाडवा में शराब ठेके और यमुनानगर में शोरूम पर फायरिंग करने वाले 50 हजार के इनामी बदमाश रजत को मुठभेड़ में मार गिराया। वहीं कुरुक्षेत्र में हुई मुठभेड़ में उसके साथी अमन को गिरफ्तार किया गया जिसके पैर में गोली लगी है। पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दोनों तरफ से कुल 25 से 32 राउंड फायरिंग हुई।

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा ने कुरुक्षेत्र के लाडवा क्षेत्र में शराब ठेके पर और यमुनानगर के मॉडल टाउन स्थित शोरूम के बाहर फायरिंग करने के मामले में शुक्रवार देर रात जहां एक 50 हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया।
वहीं, इससे पहले कुरुक्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ में उसके साथी को गिरफ्तार किया गया है। बदमाश गांव जैनपुर के अमन को पांव में गोली लगी है। अमन लाडवा में शराब ठेके और यमुनानगर के शोरूम पर फायरिंग मामले में रजत के साथ शामिल था।
पुलिस और अमन के बीच मुठभेड़ कुरुक्षेत्र के गांव सोंटी के निकट हुई। उसे लाडवा के सीएचसी में भर्ती कराया गया है। अपराध अन्वेषण शाखा-एक के निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि लाडवा में शराब के ठेके पर हुई फायरिंग के बाद से ही पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
गांव सोंटी के पास टीम ने बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसकी दोनों टांगों में गोली लगी।
वहीं, यमुनानगर की पुलिस को सूचना मिली थी कि मॉडल टाउन में हुई फायरिंग मामले में शामिल बदमाश करनाल के शेरगढ़ निवासी रजत निर्माणाधीन अंबाला-शामली हाईवे से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की।
जैसे ही बाइक पर सवार बदमाश ने पुलिस को देखा, उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में रजत को पांच गोलियां लगीं, जबकि सीआईए-2 प्रभारी राकेश कुमार को दाएं हाथ में गोली लगी।
रजत को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रजत पर 50 हजार रुपये का इनाम था और वह मॉडल टाउन में बरनाला शोरूम के बाहर अपने दो साथियों के साथ फायरिंग करने में शामिल था। पुलिस की कार्रवाई में दोनों तरफ में कुल 25 से 32 राउंड फायरिंग हुई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।