Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब ग्रेनेड हमले से जुड़े कुरुक्षेत्र मुठभेड़ में घायल अभिजोत के तार, पुलिस ने कोर्ट में पेश कर लिया 9 दिन का रिमांड

    कुरुक्षेत्र में काका राणा गैंग के दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों पर पंजाब के पूर्व मंत्री के घर पर ग्रेनेड हमले में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को नौ दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इस दौरान पुलिस गहन जांच में जुट गई है। सभी एंगलों से जांच जारी है।

    By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Sat, 12 Apr 2025 08:16 PM (IST)
    Hero Image
    पंजाब ग्रेनेड हमले से जुड़े मुठभेड़ में घायल अभिजोत के तार।

    जागरण संवाददता, कुरुक्षेत्र। अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 44 पर गांव शरीफगढ़ के समीप वीरवार रात दो बजे मुठभेड़ के बाद पकड़े गए काका राणा गैंग के बदमाशों को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें नौ दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मामले में आरोपित कुरुक्षेत्र निवासी अभिजोत के पंजाब में ग्रेनेड हमले से तार जुड़े हैं। उसके खाते से जालंधर में 3500 रुपये ट्रांसफर हुए थे। पंजाब पुलिस के एसीपी क्राइम परमजीत के नेतृत्व में पंजाब पुलिस आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए कुरुक्षेत्र आई थी।

    पंजाब पुलिस के हाथ लगने से पहले ही जिला पुलिस की अपराध शाखा के साथ उनकी मुठभेड़ हुई, जिसके बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपितों से गहनता से पूछताछ की जाएगी।

    दोनों युवकों की टांग में लगी गोली

    वीरवार रात दो बजे पुलिस की अपराध शाखा एक की टीम आइलेट्स सेंटर पर गोलियां चलाने की वारदात के बाद शाहाबाद क्षेत्र में गश्त पर थी। पुलिस टीम को सूचना मिली कि दो युवक हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।

    पुलिस टीम ने गांव शरीफगढ़ के समीप मोटरसाइकिल लेकर खड़े युवकों को देखा तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की अपराध शाखा एक की टीम ने गोली चलाई और दोनों युवकों की टांग में गोली लगी। दोनों काका राणा गैंग के गुर्गे बताए जा रहे हैं।

    पुलिस ने दोनों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार को दोनों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अदालत में पेश किया।

    पंजाब के पूर्व मंत्री के घर पर हुआ था ग्रेनेड से हमला

    बीते सोमवार को पंजाब के जालंधर में पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड से हमला हुआ था। हमले से पहले आरोपित ने ई-रिक्शा चालक सतीश व उसके मामा के लड़के वीरेंद्र उर्फ हैरी के साथ शराब पी थी। शराब पीने के बाद हमले की प्लानिंग बनाई गई थी।

    आरोपित के पास पैसे खत्म हो जाने पर उसने कुरुक्षेत्र निवासी अभिजोत से पैसे मांगे थे। अभिजोत ने वीरेंद्र उर्फ हैरी के नंबर पर 3500 रुपये भेजे थे। इसके आधार पर पंजाब पुलिस एसीपी क्राइम परमजीत व स्पेशल सैल टीम इस मामले में कड़ी जोड़ने के लिए अभिजोत की तलाश कर रही थी।

    बताया जा रहा है कि उन्होंने अभिजोत की ट्रेसिंग भी लगाई हुई थी। पंजाब पुलिस ने बुधवार को ही कुरुक्षेत्र में डेरा डाल लिया था और लगातार दबिश दी जा रही थी। वहीं शनिवार को पंजाब पुलिस ने ग्रेनेड हमले के मुख्यारोपित को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पंजाब पुलिस के डीजीपी ने प्रेसवार्ता के दौरान अभिजोत के फंडिंग करने की बात कही है।

    'जिला पुलिस करेगी कुरुक्षेत्र में हुए मामलों के संबंधित जांच'

    पुलिस की अपराध शाखा एक प्रभारी सुरेंद्र कुमार का कहना है कि जिले में सेक्टर 10 में आइलेट्स सेंटर पर गोलियां चलाने व पिपली में आढ़ती की दुकान के बाहर गोलियां चलाने के मामले में काका राणा गैंग के गुर्गों का नाम सामने आया था। दोनों आरोपितों को नौ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपितों से गहनता से पूछताछ के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

    यह भी पढ़ें- Haryana News: 14 फीट ऊंचे मंच पर PM मोदी, परिंदे भी नहीं मार सकते पर; 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात; कई रूट डायवर्ट