पत्नी की दो करोड़ की संपत्ति पर थी फैजान की निगाह
पत्नी व दो सालियों को मारकर कुल छह करोड़ रुपये की संपत्ति पर फैजान की नजर थी। इसलिए उसने परिवार को कार सहित नहर में गिरा दिया।
करनाल [राजकुमार प्रिंस]। बीवी व दो बच्चों को कार सहित नहर में गिराकर मारने के आरोपी फैजान की निगाह अपनी बीवी अमीर बानो की दो करोड़ की संपत्ति पर थी। अमीर बानो के पिता के पास 6 करोड़ की संपत्ति थी। भाई नहीं हैं, इसलिए तीनों बहनें ही इसकी मालिक बनतीं। फैजान का प्लान यही था कि वह बीवी व उसकी दो बहनों को मारकर उनके हिस्से की संपत्ति को हड़प ले, लेकिन बीवी की छोटी बहन अमीर फातिमा के बच जाने से पकड़ लिया गया। यह जानकारी खुद बच निकली फैजान की साली अमीर फातिमा ने दैनिक जागरण को दी।
बकौल अमीर फातिमा ' ' फैजान उसे और उसकी बहन अमीर बानो को मारकर तीसरी की भी हत्या की साजिश रचता। तीन बहनों में सबसे बड़ी मैं हूं, दूसरे नंबर पर अमीर बानो थी और तीसरी अमीर अक्सरा है। अब्बू का इंतकाल छह साल पहले हो गया था। अम्मी अंधी है। मैं परिवार में सबसे बड़ी हूं। परिवार की सारी जिम्मेदारी मैं ही निभाती हूं, इसलिए मैंने अभी तक शादी नहीं की है।' '
प्रेमजाल में फंसाकर किया था निकाह
फातिमा के मुताबिक, ' 'अम्मी के पास मैं और छोटी बहन अमीर अक्सरा रहते हैं। फैजान मेरा पड़ोसी है। उसने संपत्ति के लालच में ही मेरी बहन अमीर बानो को प्रेम जाल में फंसाया था। वह पहले से शादीशुदा था। आठ भाई हैं। सबने कई शादियां की हैं। कुल मिलाकर आठों भाइयों के 65 बच्चे हैं। मैं नहीं चाहती थी कि उसके साथ छोटी बहन की शादी हो, लेकिन लोकलाज की वजह से दोनों का निकाह करा दिया। करीब ढाई साल तक वह ठीक चलता रहा, फिर फैजान दहेज की मांग करने लगा। उसकी शादी पर मैंने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। कुछ दिनों से वह 10 लाख रुपये नकद देने की मांग कर रहा था। इसे लेकर अमीर बानो के साथ मारपीट भी करता था। मैं अमीर बानो को साथ लेकर चौसाना पुलिस चौकी गई और शिकायत दे दी। पंचायत होने पर मामला सुलझ गया था।' '
साली को भी ले जाना चाहता था अपने साथ
17 जून को फैजान ने ईद की खरीदारी करने के लिए करनाल चलने का दबाव बनाया। अमीर बानो, उसके दो बच्चों के साथ मुझे व छोटी बहन अमीर अक्सरा को भी करनाल लाना चाहता था, लेकिन ऐन वक्त पर अमीर अक्सरा ने साथ जाने से इन्कार कर दिया। दरअसल, वह हादसे की शक्ल देकर पूरे परिवार को खत्म करना चाहता था। फैजान की चाहत तीनों बहनों की संपत्ति हड़पने की थी।
तीन बहनों के पास 364 बीघा जमीन
अमीर फातिमा के अनुसार तीनों बहनों के पास करीब 364 बीघा जमीन है। शामली जिले के ही तीतरो क्षेत्र में 42 बीघे का बाग है। गढ़ी पुख्ता गांव में भी 22 बीघे का एक बाग है। इसके अलावा 300 बीघे जमीन भी गढ़ी पुख्ता गांव में है। इसे खेती के लिए ठेके पर दिया हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।