Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    रेखा गुप्ता के परदादा क्या करते थे? राजनीति से दूर-दूर तक नहीं कोई कनेक्शन; रोचक है कहानी

    Updated: Wed, 19 Feb 2025 09:43 PM (IST)

    Delhi New CM Rekha Gupta रेखा गुप्ता हरियाणा मूल की तीसरी मुख्यमंत्री होंगी। उनसे पहले सुषमा स्वराज और अरविंद केजरीवाल भी हरियाणा से थे। रेखा का जन्म जींद जिले के नंदगढ़ गांव में हुआ था और उन्होंने दिल्ली में स्कूलिंग ग्रेजुएशन व एलएलबी की पढ़ाई की। वह 2007 में पहली बार उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गईं थीं। रेखा के परिवार का राजनीति से दूर-दूर तक कोई कनेक्शन नहीं है।

    Hero Image
    रेखा गुप्ता मूल रूप से हरियाणा की मूल निवासी हैं (फोटो- रेखा गुप्ता वेबसाइट)

    अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। बीजेपी विधायक दल की मीटिंग के बाद रेखा गुप्ता को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया। रेखा गुप्ता (Delhi New CM Rekha Gupta) हरियाणा की मूल निवासी हैं। उनका जन्म जींद जिले की जुलाना विधानसभा के अंतर्गत आने वाले गांव नंदगढ़ में हुआ था। अपने जन्म के दो साल बाद ही रेखा गुप्ता पिता के साथ दिल्ली आ गई थीं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उनका बाकी परिवार अभी भी नंदगढ़-जुलाना में रह रहा है और आढ़त का कारोबार करता है। रेखा गुप्ता दिल्ली की ऐसी तीसरी मुख्यमंत्री हैं, जो हरियाणा मूल की हैं। उनसे पहले अंबाला की रहने वाली स्व. सुषमा स्वराज और भिवानी जिले की सिवानी मंडी के रहने वाले अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

    जींद जिले के नंदगढ़ में हुआ रेखा का जन्म

    दिल्ली की शालीमार विधानसभा सीट से चुनाव जीती रेखा गुप्ता का जन्म 19 जुलाई 1974 को जींद जिले के गांव नंदगढ़ में हुआ था। उनके दादा आढ़त का काम करते थे। जुलाना में उनकी गंगाराम-कांशीराम के नाम से आढ़त की दुकान थी।

    रेखा के पिता जयभगवान बैंक ऑफ इंडिया में बतौर मैनेजर काम करते थे। मां उर्मिला जिंदल गृहिणी हैं। रेखा गुप्ता जब दो साल की थीं, तब उनके बैंक मैनेजर पिता जयभगवान की पोस्टिंग दिल्ली में हो गई और परिवार 1976 में दिल्ली शिफ्ट हो गया।

    वहीं उन्होंने स्कूलिंग, ग्रेजुएशन और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। साल 2007 में रेखा गुप्ता पहली बार उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गईं थी। फिर उन्होंने राजनीति में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

    यह भी पढ़ें- Rekha Gupta Qualification: केजरीवाल तो IIT से थे, मगर रेखा गुप्ता के पास कौन-सी डिग्री?

    रेखा के पति पेशे से स्पेयर पार्ट्स के कारोबारी

    दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता पेशे से स्पेयर पार्ट्स के कारोबारी हैं। उन्होंने राजनीति में हमेशा पत्नी का सहयोग किया। रेखा गुप्ता के दो बच्चे बेटा निकुंज गुप्ता और बड़ी बेटी हर्षिता गुप्ता हैं। बेटी पिता की तरह व्यवसाय में अग्रसर है, जबकि बेटा निकुंज गुप्ता अभी पढ़ाई कर रहा है।

    रेखा गुप्ता के परदादा का नाम मनीराम जिंदल और दादा का नाम गंगाराम जिंदल था। पहले यह परिवार नंदगढ़ गांव में रहता था, लेकिन बाद में जुलाना आकर रहने लगा और आढ़त का व्यवसाय शुरू कर दिया।

    उनके चाचा रमेश जिंदल अभी आढ़त का काम कर रहे हैं। रेखा गुप्ता के परिवार ने नंदगढ़ गांव में शिव मंदिर भी बनवाया हुआ है। आज भी उनके रिश्तेदार समय मिलने पर गांव आते हैं और पुराने परिचितों से मिलते हैं।

    सुषमा स्वराज और अरविंद केजरीवाल का सफरनामा

    • अंबाला की रहने वाली स्व. सुषमा स्वराज 12 अक्टूबर 1998 से तीन दिसंबर 1998 तक
    • (52 दिन) के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रही हैं।
    •  भिवानी जिले के सिवानी मंडी के रहने वाले अरविंद केजरीवाल 28 दिसबर 2013 से 14 फरवरी 2014
    • (49 दिन) के लिए पहली टर्म में दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे। 
    • इस अवधि के बाद अरविंद केजरीवाल 14 फरवरी 2015 से 21 सितंबर 2024 तक (नौ साल 362 दिन) के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे हैं।

    दिल्ली के पर्यवेक्षक हरियाणा के ओमप्रकाश धनखड़

    हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ की देखरेख में दिल्ली में विधायक दल के नेता का चयन हुआ है। भाजपा ने धनखड़ पर भरोसा जताते हुए उन्हें दिल्ली के चुनाव में पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी थी।

    पार्टी और संगठन में कई बार अहम भूमिका निभा चुके धनखड़ को पीएम मोदी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के करीबियों में गिना जाता है। विधानसभा चुनाव में धनखड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पिछले लोकसभा चुनाव में भी धनखड़ को दिल्ली का चुनाव प्रभारी लगाया गया था। सभी सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा को विजय प्राप्त हुई थी।

    यह भी पढ़ें- फिर हरियाणा से दिल्ली को मिला नया मुख्यमंत्री, सुषमा स्वराज और केजरीवाल के बाद अब रेखा गुप्ता; पढ़ें इनका सियासी सफर