भाजपा सरकार ने सात साल में कराया चहुंमुखी विकास, निकाय चुनाव में तीन इंजन की बनेगी सरकार
भाजपा जिलाध्यक्ष राजू मोर और प्रदेश प्रवक्ता कर्मवीर सैनी ने पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में शनिवार को प्रेस कान्फ्रेंस करते हुए प्रदेश सरकार की सात साल की उपलब्धियों के बारे में बताया।

जागरण संवाददाता, जींद : भाजपा जिलाध्यक्ष राजू मोर और प्रदेश प्रवक्ता कर्मवीर सैनी ने पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में शनिवार को प्रेस कान्फ्रेंस करते हुए प्रदेश सरकार की सात साल की उपलब्धियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सात साल के कार्यकाल में प्रदेश में चहुंमुखी विकास हुआ है। सभी योजनाओं का लाभ आनलाइन व्यवस्था करके दिया जा रहा है, जिसके लिए पात्र लोगों के बैंक खाते खुलवाए गए हैं। इससे भ्रष्टाचारियों की दुकानें बंद हो गई हैं। अब मैरिट के आधार पर नौकरियां मिलती हैं। अगर कोई व्यक्ति किसी योजना के लिए पात्र है, तो फैमिली आइडी बनने से उसे घर बैठे ही उसका लाभ मिल जाएगा। परिवार पहचान पत्र में अगर किसी व्यक्ति की आय एक लाख 80 हजार रुपये से कम है, तो उसे योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाता है। आयु 60 वर्ष होने पर बुढ़ापा पेंशन शुरू हो जाएगी। अस्पतालों में चिकित्सकों व स्कूलों में शिक्षकों की कमी के सवाल पर सैनी ने कहा कि इसके लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हर जिले में मेडिकल कालेज खोलने की महत्वकांक्षी योजना शुरू की है। इसके चलते आने वाले कुछ समय में चिकित्सकों की कोई कमी नहीं रहेगी। राजू मोर ने बताया कि बीएंडआर और मार्केटिग बोर्ड के तहत कई सड़कों की मंजूरी मुख्यमंत्री दे चुके हैं। आगामी निकाय चुनाव में सभी जगह भाजपा की जीत होगी। देश व प्रदेश में भाजपा सरका है और निकाय चुनाव में जनता तीन इंजन की सरकार बनाएगी। जिससे और तेजी से विकास कार्य होंगे। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री डा. राज सैनी, वरिष्ठ नेता सज्जन गर्ग, वीरेंद्र खोखरी, सुरेंद्र धवन, नरेंद्र शर्मा, बबलू गोयल, शिवचरण मौजूद रहे।
पंजाब बना टार्चर का अड्डा
भाजपा नेता तेजिदर पाल सिंह बग्गा की पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के मामले पर कर्मवीर सैनी ने कहा कि पंजाब टार्चर का अड्डा बन गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है, उसे सहन नहीं किया जाएगा। आम आदमी पार्टी पंजाब पुलिस के दम पर दमन की नीति अपना रही है। इसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।