हरियाणा में आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, बारिश के साथ गिरे ओले; खंभे और बिजली की तारें टूटने से ब्लैकआउट की स्थिति
हरियाणा (Haryana Weather) में शुक्रवार शाम को मौसम ने अचानक करवट बदली। कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई और ओले गिरे। हिसार में प्रधानमंत्री की रैली के लिए लगाया गया पंडाल गिर गया तो चरखी दादरी में मंत्री के कार्यक्रम का टेंट उखड़ गया। करनाल समेत कई जिलों में बिजली के खंभे और पेड़ टूट गए। मौसम में आए बदलाव से तापमान में भी गिरावट आई है।
अमित धवन, हिसार। हरियाणा (Haryana Weather) में शुक्रवार शाम को सवा दो घंटे में ही मौसम के कई रंग देखने को मिले। चार बजे घने काले बादल छाए और अंधेरा हो गया। तेज आंधी के साथ हिसार, भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत, रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम, रेवाड़ी समेत कई जिलों में वर्षा हुई।
50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा
सिरसा में ओले भी गिरे। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चली। मंडियों में गेहूं और सरसों भीगा तो कई जगह खेतों में खड़ी गेहूं की फसल बिछ गई। आंधी की वजह से नुकसान भी हुआ।
हिसार में प्रधानमंत्री की रैली का पंडाल गिर गया तो चरखी दादरी में मंत्री के कार्यक्रम का टेंट उखड़ गया। करनाल समेत कई जिलों में बिजली के खंभे और पेड़ टूट गए। करीब सवा छह बजे मौसम साफ हो गया। सूरज की लालिमा से आसमान ऑरेंज कलर का दिखाई देने लगा।
यह भी पढ़ें- सावधान! हिमाचल में आज आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना, कई जगहों पर बर्फबारी और तेज बारिश के भी आसार
हिसार में PM मोदी की रैली के लिए लगाया पंडाल गिरा
हिसार में पीएम नरेन्द्र मोदी की रैली के लिए लगाया गया पंडाल आंधी में टूट कर गिर गया। पिलर पर सिर्फ पंखे लटके रह गए। प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के लिए आएंगे। वह हिसार-अयोध्या की फ्लाइट को हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम में करीब 25 से 30 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
यहां वाटरप्रूफ जर्मन टेंट लगाकर रैली एरिया को कवर किया जा रहा था। पंडाल में करीब 25 हजार से ज्यादा कुर्सियां लगाई गईं थी। चरखी दादरी में मंत्री कृष्णलाल पंवार के कार्यक्रम में टेंट उड़ गया। मंत्री के मंच पर बैठते ही तेज आंधी शुरू हो गई थी। वे जनता कॉलेज नेशनल सर्कल महिला और पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन में पहुंचे थे।
पांच से छह डिग्री तक गिरा तापमान
मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट आई। सिरसा में अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ। वीरवार को सिरसा का तापमान 42.4 डिग्री था तो गिरावट के साथ 31.2 डिग्री तक पहुंच गया। हिसार का तापमान 42.8 डिग्री था जो 36.4 डिग्री तक रह गया। बाकी जिलों में भी पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।
पानीपत में बिजली की तारें टूटने से रही ब्लैकआउट की स्थिति
फतेहाबाद: आंधी के कारण 15 बिजलीघरों में फाल्ट आने से 40 गांवों में 2 से 5 घंटे तक बिजली बाधित रही। टोहाना शहर के न्यू मॉडल टाउन में आढ़ती की गाड़ी पर पेड़ गिर गया जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
चरखी दादरी: आंधी के दौरान एक मकान की ग्रिल उखड़ कर गली से पैदल जा रही दो बहनों पर गिरी। दोनों बहनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सिरसा: चने के आकार के ओले भी गिरे हैं। बरूवाली में आसमानी बिजली गिरने से दो पशुओं की मौत। रानियां में आसमानी बिजली गिरने से पार्षद के घर की टंकी टूटी।
रोहतक: 5 एमएम वर्षा हुई। मंडियों में रखा करीब डेढ़ लाख क्विंटल गेहूं भीग गया। आंधी की वजह से दो घंटे तक बिजली भी बाधित रही।
पानीपत: शुक्रवार शाम अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। आंधी में 70 से ज्यादा खंभे टूट गए। जिले में ब्लैकआउट की स्थिति रही।
गुरुग्राम: आंधी के दौरान द्वारका एक्सप्रेसवे पर बड़ा साइनेज बोर्ड चलती कार पर गिर गया। कार सवार व्यक्ति और एक अन्य घायल हो गए। राहगीरों ने कार अंदर फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। साइनेज बोर्ड गिरने से द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक साइड जाम भी लग गया।
करनाल: आंधी से दर्जनों पेड़ और 11 से अधिक बिजली के खंभे टूट गए। कैथल में भी पेड़ टूटने से सड़क पर जाम लग गया।
पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण शनिवार तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। दक्षिण व पश्चिमी हरियाणा में बादलवाही रहेगी। हल्की से मध्यम गति से हवा चलेगी। उतरी हरियाणा में बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है। रविवार से बुधवार तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा। -डॉ. मदन खीचड़, अध्यक्ष, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग
सरकार प्रभावित किसानों को 20 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दे। मंडी में भीग कर खराब हुई फसल का मूल्यांकन कर आर्थिक मदद की जाए। रणदीप सुरजेवाला, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सदस्य
यह भी पढ़ें- Jammu Kashmir Weather: जम्मू-कश्मीर में आज फिर होगी झमाझम बारिश, तेज आंधी-तूफान से फसलों को हुआ काफी नुकसान
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।