यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हरियाणा में महिला यू-ट्यूबर से दुष्कर्म, शादी के नाम पर युवक ने एक साल तक बनाए संबंध; 2 बार गर्भपात भी कराया
हरियाणा के हिसार में एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वीडियो वायरल करने और ...और पढ़ें

HighLights
- शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, मारने के प्रयास का भी आरोप
- आरोपी महिला के साथ एक साल से कर रहा था दुष्कर्म
- पीड़िता गर्भवती हुई तो गोली खिलाकर करवाया अबॉर्शन
जागरण संवाददाता, हिसार। Haryana Crime News: हरियाणा के हिसार शहर से एक गंभीर मामला सामने आया है। शहर की निवासी एक युवती ने एक युवक पर शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही महिला ने आरोपी पर वीडियो वायरल करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
पीड़िता ने बताया कि वह इंटरनेट मीडिया पर एक पेज चलाती है। उसकी दोस्ती मिल गेट के दीपक से हुई थी। वह भी इंटरनेट मीडिया पर एक पेज चलाता था।
आरोपित दीपक ने उसे शादी का झांसा देकर करीब एक वर्ष तक दुष्कर्म किया। इस दौरान वह दो बार गर्भवती भी हो गई। आरोपित ने उसे गोलियां खिलाकर उसका गर्भपात करवाया।
सामूहिक दुष्कर्म का भी प्रयास
आरोपित ने उसे वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि आरोपित युवक उसके कमरे पर आता जाता था और वहां सबको कह रखा था कि उनकी सगाई हो चुकी है।
आरोपित ने एक दिन अपने एक साथी के साथ आकर उससे सामुहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। उसने विरोध किया तो उसके साथ हाथापाई की, जिससे वह चोटिल हो गई। पीड़िता ने बताया कि आरोपित ने उसे जान से मारने का प्रयास भी किया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
'घसीटकर लाए जाओगे भारत'
उधर, करनाल में महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने मंगलवार को कैथल रोड स्थित पुलिस लाइन में आपराधिक मामलों की सुनवाई की। उन्होंने दहेज प्रताड़ना के मामले में एनआरआइ दूल्हे से वीडियो कॉल कर बात की। दो टूक कहा- या तो 10 दिन में खुद भारत आ जाओ, नहीं तो घसीटकर लाए जाओगे।
आरोपित एसआइ सुनील श्योकंद और आरोपित का पक्ष लेने पर अध्यक्ष ने पुलिस को जमकर फटकार लगाई। साथ ही एसआइ पर कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने दस दिन तक दूल्हे के माता-पिता को न्यायिक हिरासत में रखने को कहा। इस दौरान आठ केस उनके सामने आए।
इनमें अधिकतर मामले शारीरिक शोषण और दहेज प्रताड़ना के रहे। एसआइ पर शादी पूर्व दुष्कर्म और फिर गर्भपात कराने के आरोप में सिविल लाइन थाने में 16 नवंबर को केस दर्ज किया गया था।
एसआइ ने अपनी सफाई में कहना शुरू किया तो अध्यक्ष बोलीं-पुलिसगीरी मत दिखा। तू पंचकूला में तैनात अपने एसआइ भाई की धमकी देता है।
यह भी पढ़ें- हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर, काम में ढिलाई बरतने वालों को जबरन किया जाएगा रिटायर
