Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    हिसार में सफाई व्यवस्था का निकला जनाजा, जगह-जगह लगे कचरे के ढेर, जलाने से बढ़ रहा प्रदूषण

    By Pradeep DuhanEdited By: Manoj Kumar
    Updated: Wed, 26 Oct 2022 10:35 AM (IST)

    शहर की सफाई व्यवस्था का दिवाला निकल गया है। शहर में सभी सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। दीपावली के पर्व पर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते दुका ...और पढ़ें

    हिसार की राजगुरु मार्केट में कचरे के ढेर लग गए हैं

    संवाद सहयोगी, हिसार/हांसी : सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था का दिवाला निकल गया है। शहर में सभी सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। दीपावली के पर्व पर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते दुकानदार स्वयं ही सड़कों से कूड़ा उठा रहे थे। परंतु अब मजबूरन दुकानदारों कूड़े के ढेर में आग लगा रहे हैं। पूरे शहर में अनेक स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। दुकानदारों को मंगलवार सुबह अपनी दुकानें खोली तो आसपास के पूरे क्षेत्र में कूड़ा फैला हुआ मिला।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके बाद कोई चारा न देख दुकानदारों ने ही झाड़ू थाम कर आसपास की सफाई करनी पड़ी। वहीं सफाई कर्मचारी भी पिछले करीब एक सप्ताह से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं की जाती वे इसी तरह से धरने पर बैठे रहेंगे। उनका कहना है कि मांगे पूरी न होने तक वे काम पर नहीं लौटेगे।

    सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पूरे शहर में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। हर चौक-चौराहों पर कूड़े के ढेर जमा हैं। शहर का मुख्य बाजार हो या फिर कॉलोनी सभी जगह यहीं आलम है। शहर में सफाई कर्मचारी हर रोज सफाई का कार्य करते थे। प्रत्येक वार्ड में दो सफाई कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई है। साथ ही प्रत्येक वार्ड में कूड़े को उठाने के लिए एक-एक टिपर लगाया गया है।

    परंतु करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद सफाई व्यवस्था की कोई सुध नहीं ली जा रही है। लोग अब अपने स्तर पर कूड़ा एकत्रित करने का काम कर रहे हैं। हांसी शहर से हर रोज करीब 10 से 15 टन कूड़ा शहर से बाहर डंपिंग स्टेशन पर डाला जाता था। परंतु अब सफाई कर्मचारियों के हड़ताल के कारण शहर की सड़कों पर कई टन कूड़ा इकट्ठा हो गया है। यदि जल्द ही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त नहीं होती तो आने वाले दिनों में शहर की सड़कों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर नजर आएंगे।

    कूड़ा न उठाने से दुकानदार कूड़े को जला रहे

    दुकानदार कुलदीप ने बताया कि मार्केट में सफाई न होने के कारण उन्हें स्वयं ही सड़कों पर सफाई करनी पड़ रही है और इकट्ठा हुए कचरे के ढेर को वहीं पर आग भी लगानी पड़ रही है। सफाई कर्मचारी की हड़ताल के चलते हुए लगभग एक सप्ताह बीत चुका हैं। सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा स्टेट कमेटी के आह्वान पर सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं।

    सफाई कर्मचारियों ने मनाई काली दीपावली

    अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी हड़ताल पर है। दीपावली से पहले ही सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे काली दीपावली मनाने पर मजबूर होंगे। दिपावली के दिन सफाई कर्मचारियों ने रोष स्वरूप पूरे शहर में हाथों में काले झंडे लेकर जुलूस निकाला। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।