गुरुग्राम में यश माहेश्वरी के शो पर रोक और कानूनी कार्रवाई लगाने की मांग, माफी के बाद भी नहीं थमा विरोध
स्टैंडअप कामेडियन यश माहेश्वरी की छठ महापर्व और बिहार की महिलाओं पर विवादित टिप्पणी के विरोध में पूर्वांचल समाज का आक्रोश बढ़ गया है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन देकर शांत किया।
-1795847353731_m.webp)
लोगों ने विरोध जारी रखते हुए रविवार को गुरुग्राम में प्रस्तावित उनके शो को रद करने की मांग की। जागरण
HighLights
यश माहेश्वरी की विवादित टिप्पणी पर पूर्वांचल समाज का आक्रोश।
गुरुग्राम में प्रस्तावित शो रद्द करने की मांग तेज।
पुलिस प्रशासन ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। छठ महापर्व और बिहार की महिलाओं को लेकर दिल्ली के स्टैंडअप कामेडियन यश माहेश्वरी की विवादित टिप्पणी के विरोध में पूर्वांचल समाज का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के बावजूद समाज के लोगों ने विरोध जारी रखते हुए रविवार को गुरुग्राम में प्रस्तावित उनके शो को रद करने की मांग की। विरोध के बाद पुलिस प्रशासन ने शो पर रोक लगाने का आश्वासन दिया है।
'धार्मिक भावनाओं और मातृशक्ति के सम्मान को ठेस पहुंची'
भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त सिबास कविराज से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि छठ महापर्व करोड़ों लोगों की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। ऐसे में महापर्व और बिहार की महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी से धार्मिक भावनाओं और मातृशक्ति के सम्मान को ठेस पहुंची है। समाज के लोगों ने मांग की कि गुरुग्राम में प्रस्तावित शो को तत्काल रद किया जाए।
'महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं'
विरोध कर रहे लोगों ने यह भी मांग की कि विवादित टिप्पणी के मामले में कलाकार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। कॉमेडी की आड़ में महापर्व और महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस आयुक्त सिबास कविराज ने विवादित टिप्पणी के मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में देवानंद यादव, अमित भड़ाना, अरुण कुशवाहा, इंदरमान सिंह, शंभू प्रसाद, शेखर कुमार, रंजीत गुप्ता, अविनाश कुमार, धनंजय सिंह, विकास सिंह, रविकांत, शुकमार यादव, सुबोध मिश्रा, संजय, अमिता पाठक, राखी शर्मा, ममता झा, कामिनी और मीना झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।