साइबर सिटी को सेमीकंडक्टर का हब बनाना चाहते थे संजय कपूर
गुरुग्राम में सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित करने के संजय कपूर के प्रयास अधूरे रह गए। ऑटोमोबाइल सेक्टर में आत्मनिर्भरता के लिए वे हमेशा प्रयासरत थे। उनके निधन से उद्योग जगत को भारी क्षति हुई है। वे उद्यमियों के साथ नवीनतम जानकारी साझा करते थे और देश को सेमीकंडक्टर हब बनाने का सपना देखते थे। उनके सम्मान में सोना कामस्टार ग्रुप के प्लांट में दो मिनट का मौन रखा गया।

आदित्य राज, गुरुग्राम। देश में सेमीकंडक्टर की भारी कमी है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में पूरी दुनिया में साइबर सिटी की पहचान है लेकिन सेमीकंडक्टर का एक भी यूनिट नहीं। साइबर सिटी की इस कमी को वैश्विक ऑटोमोटिव प्रौद्योगिक कंपनी सोना कामस्टार के चेयरमैन संजय कपूर पूरा करना चाहते थे।
वह आईएमटी मानेसर में सेमीकंडक्टर का एक यूनिट लगाना चाहते थे। इस दिशा में उनका तेजी से प्रयास चल रहा था। उन्होंने इसके ऊपर काफी शोध कर लिया था। ऑटोमोबाइल क्षेत्र के दिग्गजों का मानना है कि संजय कपूर के निधन से भारतीय उद्योग को बहुत बड़ा नुकसान हो गया।
ऑटोमोटिव प्रौद्योगिक के क्षेत्र में क्या बेहतर हो सकता है, कैसे भारत आत्मनिर्भर बन सकता है, इस बारे में सोचते रहते हैं। मुंजाल शोवा ग्रुप के सीएमडी योगेश मुंजाल कहते हैं कि संजय कपूर काफी इनोवेटिव थे।
गुरुग्राम से लेकर देश के कई शहरों ही नहीं बल्कि विदेश में भी उनके प्लांट हैं। वह पूरी दुनिया में घूमते रहते थे। इसके पीछे मुख्य उद्देश्य यही होता था कि ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में दुनिया के अन्य देशों में नया क्या हो रहा है।
वहां से जानकारी हासिल करने के बाद वह कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री सहित अन्य औद्योगिक संगठनों के माध्यम से उद्यमियों से साझा करते थे।
कैपेरो मारुति के सीईओ व कंफेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री के गुरुग्राम जोन के चेयरमैन विनोद बापना कहते हैं कि सेमीकंडक्टर के ऊपर संजय कपूर का आरएंडडी चल रहा था। वह कहा करते थे कि सेमीकंडक्टर का हब देश को बनाना है। उनके आकस्मिक निधन से इस प्रयास को बहुत बड़ा झटका लग गया।
दो मिनट का मौन रख किया नमन
सोना कामस्टार ग्रुप के देश-दुनिया में 13 प्लांट हैं। इनमें छह छह प्लांट गुरुग्राम में हैं। गुरुग्राम के सभी प्लांट में शुक्रवार को काम शुरू करने से पहले दो मिनट का मौन रखा गया। वह 53 साल के थे। पिता डा. सुरेंद्र कपूर के निधन के बाद उन्होंने तेजी से ग्रुप का विस्तार किया।
बता दें कि सोना कामस्टार के चेयरमैन और देश के ऑटोमोटिव सेक्टर के प्रमुख उद्योगपति 53 वर्षीय संजय कपूर का इंग्लैंड में पोलो मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। था। वह कंफेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री के उत्तर जोन के चेयरमैन रहे। हरियाणा काउंसिल के भी चेयरमैन रहे। कई अन्य संगठनों के भी पदाधिकारी रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।