Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सिंगर राहुल फाजिलपुरिया हमला कराने वाला निकला उसका दोस्त, जानिए सोशल मीडिया पर किसने ली हमले की जिम्मेदारी?

    Updated: Thu, 17 Jul 2025 04:50 PM (IST)

    सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सुनील सरधानिया ने सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी ली और बताया कि राहुल ने दीपक नांदल से लिए 5 करोड़ रुपये वापस नहीं किए थे। गिरफ्तार आरोपी विशाल ने राहुल की रेकी की थी। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

    Hero Image
    सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हमला कराने की सोशल मीडिया पर ली गई जिम्मेदारी।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग के मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है। बुधवार रात सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हमले की जिम्मेदारी सुनील सरधानिया ने ली है।

    उसने पोस्ट में कहा कि राहुल ने दीपक नांदल से पांच करोड़ रुपये लिए थे, जो उसने वापस नहीं किए। उसने धमकी दी है। साथ ही बुधवार रात गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोनीपत के जाजल गांव के रहने वाले विशाल को पकड़ा गया है। पूछताछ में पता चला कि उसने राहुल फाजिलपुरिया की रेकी की थी और अपने साथियों को इसकी जानकारी दी थी।

    विशाल ने अपने एक अन्य साथी गौतम के साथ मिलकर सोनीपत के रहने वाले सुशील से उसकी पंच कार 2200 प्रतिदिन के हिसाब से किराये पर ली थी।

    वारदात से चार दिन पहले आकर की थी रेकी

    चार दिन पहले दोनों गुरुग्राम आए थे। यहां पर दोनों एक गेस्ट हाउस में रहे और फाजिलपुरिया की रेकी की। उसके आने-जाने और ठहरने के बारे में अपने अन्य साथियों को सूचना दी।

    इसके बाद इसके साथियों ने सोमवार शाम छह बजे राहुल फाजिलपुरिया पर उस समय हमला किया, जब वह फाजिलपुर गांव से अपनी थार गाड़ी से खेड़कीदौला स्थित घर जा रहे थे।

    एसपीआर रोड पर सिग्नेचर ग्लोबल के पास थार को ओवरटेक कर रोक लिया गया और गाड़ी से उतरे दो हमलावरों ने फायरिंग की। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी थी।

    फायरिंग के दौरान एक गोली रोड किनारे रेलिंग के पोल पर लगी थी। सेक्टर 40 क्राइम ब्रांच पकड़े गए आरोपित विशाल से पूछताछ कर रही है। उसने अपने साथियों के नाम बताए हैं। उनकी तलाश जारी है।

    रोहतक का रहने वाला है सरधानिया, फिलहाल विदेश में है

    सुनील सरधानिया ने पोस्ट में कहा कि यह हमला मारने के लिए नहीं बल्कि डराने के लिए किया गया था। उसने दावा किया कि राहुल ने पांच करोड़ रुपये लिए थे, लेकिन रुपये वापस नहीं किए गए।

    सेलिब्रिटी बनने के बाद उसने फोन उठाने बंद कर दिए। कहा कि अगर रुपये वापस नहीं किए गए तो उसके रिश्तेदार या जानकारों में से हर महीने किसी एक की हत्या कर दी जाएगी।

    पुलिस सूत्रों के अनुसार सुनील सरधानिया रोहतक का रहने वाला है। उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2024 में वह फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भाग गया था।

    फजिलपुरिया और सरधानिया रह चुके हैं दोस्त

    बताया जाता है कि राहुल और सुनील अच्छे दोस्त रहे हैं। वहीं इस पोस्ट में दीपक नांदल और इंद्रजीत यादव के भी नाम लिखे हैं। बताया जाता है कि दीपक नांदल भी विदेश में है।

    सूत्रों के मुताबिक एक मामले में नाम आने के बाद वह भी विदेश चल गया। दीपक भी राहुल का बेहद करीबी रहा है। दीपक हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में म्यूजिक प्रोड्यूसर, रैपर और परफार्मर के तौर पर सक्रिय था।

    वहीं, इंद्रजीत यादव का नाम हाल ही में रोहतक में फाइनेंसर मंजीत की हत्या में सामने आया था। इंद्रजीत के बारे में जानकारी है कि वह हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़ा हुआ है।

    अब पुलिस पता लगा रही है कि क्या इस फायरिंग और हमले के पीछे पांच करोड़ रुपये के लेनदेन का विवाद है या फिर इसकी वजह कुछ और है।

    सभी एंगल पर जांच कर रही पुलिस

    पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस जांच में लेनदेन जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित पोस्ट पुलिस के नालेज में आई है। इसकी जांच की जा रही है।

    सरधानिया व अन्य के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पकड़े गए आरोपित से पूछताछ में कुछ अन्य लोगों की पहचान उजागर हुई है। जल्द ही इन्हें भी पकड़ा जाएगा। 

    राहुल फाजिलपुरिया को वापस मिली सुरक्षा

    राहुल के भाई ने बताया था कि करीब तीन साल पहले कुछ लोगों ने राहुल की गाड़ी का पीछा किया था। इस पर पुलिस ने उन्हें सुरक्षा दी थी। लेकिन कुछ समय पहले सुरक्षा वापस ले ली थी।

    सोमवार शाम जब उन पर हमला हुआ तो उन्होंने एफआईआर दर्ज करने के साथ ही पुलिस से सुरक्षा की मांग की। इस पर बुधवार को उन्हें सिक्योरिटी दी गई।

    यह भी पढ़ें- गुरुग्राम जमीन घोटाला: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रॉबर्ट वाड्रा की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, ED ने दाखिल की चार्जशीट