Gurugram News: शहर में निकला नगर कीर्तन, गतका पार्टी ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
नगर-कीर्तन का जगह-जगह स्वागत हुआ। सब्जी मंडी स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के प्रधान शेरदिल सिंह ने बताया कि नगर-कीर्तन में प्लास्टिक की किसी भी वस्तु का प्रयोग नहीं किया गया है।खाने के बर्तन से लेकर अन्य सजावट की चीजों में किसी प्रकार का प्लास्टिक नहीं लगाया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नगर कीर्तन के दौरान लोगों को भी प्लास्टिक की चीजें प्रयोग नहीं करने काे कहा गया।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। पंज प्यारों की अगुवाई में शहरभर में गुरु पर्व के उपलक्ष्य में नगर कीर्तन निकाला गया। यह नगर कीर्तन सब्जी मंडी स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा से शुरू हुआ। यहां से जेल चौक, सोहना चौक और फिर उसके बाद भूतेश्वर मंदिर से हाेते हुए मदनपुरी, चार-आठ मरला, न्यू कालोनी स्थित गुरुद्वारा पहुंचा।
भीम नगर गुरुद्वारा साहिब से होते हुए वापस सब्जी मंडी स्थित गुरुद्वारे पहुंचा। न्यू कॉलोनी स्थित श्री सिंह सभा गुरुद्वारा के प्रधान सरबजीत सिंह ने बताया कि गुरु पर्व के उपलक्ष्य में दो दिन पहले नगर कीर्तन निकाला गया है। 27 नवंबर को गुरु पर्व मनाया जाएगा।
फूलों से सजी बस में सजा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का दरबार
इस बार श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का दरबार फूलों से सजी बस में सजाया गया। जहां-जहां नगर-कीर्तन गया वहां पर संगत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के आगे मत्था टेका और आशीर्वाद लिया।
बस के आगे संगत झाडू से सफाई करते हुए चली। टैंकर के जरिए पानी का छिड़काव किया गया और फूलों की वर्षा की गई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के आगे पंज प्यारे चले।
Also Read-
जगह-जगह हुआ स्वागत
नगर-कीर्तन का जगह-जगह स्वागत हुआ। सब्जी मंडी स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के प्रधान शेरदिल सिंह ने बताया कि नगर-कीर्तन में प्लास्टिक की किसी भी वस्तु का प्रयोग नहीं किया गया है।
खाने के बर्तन से लेकर अन्य सजावट की चीजों में किसी प्रकार का प्लास्टिक नहीं लगाया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नगर कीर्तन के दौरान लोगों को भी प्लास्टिक की चीजें प्रयोग नहीं करने काे कहा गया।
गतका पार्टी ने दिखाए करतब
गतका पार्टी ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाए। करतब देख सभी आश्चर्यचकित रह गए। हर कोई गतका पार्टी के सदस्यों का प्रदर्शन देखकर वहीं ठहर गया। लोगों ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर अपलोड भी की। इस दौरान पटाखों का प्रयोग नहीं किया गया।
संगत को बांटे पौधे
सब्जी मंडी स्थित श्री सिंह सभा गुरुद्वारे के प्रधान शेरदिल सिंह ने बताया कि नारियल पानी के खोल में पौधे उगाए गए और उसके बाद उन्हें संगत को वितरित किया गया।
सभी को बताया गया कि हम नारियल पानी पीने के बाद इस तरह से खोल में पौधे उगा सकते हैं। साथ ही कहा गया कि हर व्यक्ति अपने जन्मदिन पर एक पौधा जरूर लगाए। हम सभी के सहयोग से ही पर्यावरण को बेहतर बनाया जा सकता है।
15 नवंबर से शुरू हुई थी प्रभात फेरी
गुरु पर्व के उपलक्ष्य में 15 नवंबर से प्रभात फेरी शुरू हो गई थी। यह प्रभात फेरी श्री गुरु सिंह सभा न्यू कालोनी से सुबह पौने पांच बजे से शुरू होती है। इसके बाद सुबह आठ बजे तक चलती है। इस दौरान नंगे पैर चलकर संगत भजन-कीर्तन करती है और गुरु नानक के गुण गाते हुए जाते हैं।
पर्यावरण की बेहतरी का दिया जाएगा संदेश
गुरु पर्व के दिन सुबह नौ बजे से शबद कीर्तन शुरू होंगे। बाहर से रागी आएंगे और रात साढ़े दस बजे तक शबद कीर्तन करेंगे। इस दौरान अटूट लंगर भी चलाया जाएगा।
इस लंगर की विशेषता यह होगी कि यहां पर किसी भी प्रकार का प्लास्टिक प्रयोग में नहीं लाया जाएगा। शहर के हर गुरुद्वारे में यह अटूट लंगर चलेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।