Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    होटल के कमरे में युवक-युवती के शव मिले, एक देशी पिस्तौल और दो खोखे बरामद

    By Vinay Trivedi Edited By: Rajesh Kumar
    Updated: Tue, 25 Feb 2025 10:48 PM (IST)

    गुरुग्राम के एक होटल से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। गुरुग्राम के हवेली होटल से जो घटना सामने आई है वो होश उड़ा देने वाली है। आपको बता दें कि मानेसर के होटल हवेली में एक प्रेमी जोड़े की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार रात 11 बजे होटल के कमरे में एक ही बेड पर दोनों के शव एक साथ मिले।

    Hero Image
    होटल के कमरे में एक ही बेड पर प्रेमी जोड़े के शव एक साथ मिले। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। मानेसर स्थित होटल हवेली में एक प्रेमी युगल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार रात 11 बजे होटल के कमरे में एक ही बेड पर दोनों के शव एक साथ मिले। दोनों के सीने पर गोली के निशान हैं। कमरे से एक देशी पिस्तौल और दो खोखे बरामद हुए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दोनों के परिजनों ने इसे हत्या बताया

    मानेसर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच कर रही हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस ने मामला आत्महत्या का बताया है। हालांकि, लड़का और लड़की दोनों के परिजनों ने इसे हत्या बताया है। लड़के के परिजनों ने थाने में हत्या की शिकायत भी दर्ज कराई है।

    दोनों की पहचान की गई

    मृतक युवक की पहचान पटौदी के लोकरी गांव निवासी 23 वर्षीय निखिल खाती और युवती की पहचान शिकोहपुर गांव निवासी 21 वर्षीय कोमल यादव के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। हालांकि कागजी कार्रवाई पूरी न होने के कारण मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका।

    थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी

    युवती के परिजनों ने बताया कि कोमल 24 फरवरी को गुरुग्राम के एक कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा देने के लिए गांव से निकली थी। लेकिन वह रात तक घर नहीं पहुंची। थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

    दूसरी ओर परिजन कोमल की तलाश भी कर रहे थे। परिवार के एक युवक ने युवती की तलाश की तो पता चला कि वह मानेसर स्थित होटल हवेली में है। रात साढ़े दस बजे परिवार का एक सदस्य होटल पहुंचा और जिस कमरे में कोमल रुकी थी उसका दरवाजा खटखटाया।

    मौके पर पहुंची पुलिस

    कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने होटल मालिक से दूसरी चाबी लेकर कमरे का दरवाजा खोला। अंदर कोमल और युवक निखिल बेड पर अचेत पड़े थे। दोनों के सीने पर गोली के निशान थे।

    इस पर थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, डॉग स्क्वायड, एफएसएल और फिंगर प्रिंट टीम मौके पर पहुंची। रात तीन बजे तक कमरे में जांच जारी रही। साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।

    कमरे से बरामद की गई देशी पिस्तौल

    फोरेंसिक टीम ने कमरे से एक देसी पिस्तौल और दो खोखे बरामद किए हैं। सूत्रों के मुताबिक युवक-युवती ने बाथरूम में उल्टी भी की थी। यहां से भी सैंपल लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि इसमें जहरीला पदार्थ भी मिला है। इसलिए दोनों के जहरीला पदार्थ खाने की भी आशंका जताई जा रही है। कमरे से फ्रूट जूस की बोतलें और खाने के रैपर भी बरामद हुए हैं।

    दोनों के बीच ये संबंध

    निखिल और कोमल दोनों अलग-अलग जाति के हैं। निखिल के परिजनों ने बताया कि निखिल मानेसर में एक कंपनी में अप्रेंटिस के तौर पर काम कर रहा था। उसने आईटीआई की हुई थी। परिवार में निखिल के अलावा एक बड़ा भाई, एक बहन और माता-पिता हैं।

    बड़ी बहन की शादी 2021 में शिकोहपुर गांव से हुई थी। इसी वजह से निखिल का कोमल के गांव आना-जाना था। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी दौरान दोनों में दोस्ती हुई और प्यार हो गया। निखिल के पिता प्रेम कुमार ने बताया कि वह कोमल के परिजनों को नहीं जानते। पहले कभी नाम भी नहीं सुना था। बताया जाता है कि कोमल की शादी तय हो चुकी थी और अप्रैल में होनी थी।

    परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

    इस मामले में लड़की और लड़के दोनों के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। लड़के के भाई चंचल ने मानेसर थाने में लिखित शिकायत दी है। इसमें कहा गया है कि उसका छोटा भाई निखिल 24 जनवरी की सुबह काम पर गया था। लेकिन वह वापस नहीं लौटा।

    कई बार कंपनी में नाइट शिफ्ट होती है, इसलिए उसे जानकारी नहीं थी। मंगलवार सुबह 4 बजे पुलिस ने उसे भाई की मौत की सूचना दी। वह घटनास्थल पर भी गया। उसने लड़की के परिजनों पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया। साथ ही पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की।

    सुबह साढ़े 11 बजे होटल आए दोनों

    उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी होटल संचालक देवेंद्र सिंह ने बताया कि वह पांच साल से होटल चला रहे हैं। सोमवार को होटल में 10 से अधिक कमरे बुक थे। सात कमरों में 28 बराती ठहरे थे। सुबह साढ़े नौ बजे निखिल अकेला आया। वह अंदर गया और चला गया। साढ़े ग्यारह बजे वह कोमल के साथ फिर आया।

    फिर बाहर नहीं निकले

    दोनों को होटल में दाखिल कराया गया। उनकी आईडी ली गई। उन्हें दूसरी मंजिल पर कमरा नंबर 303 दिया गया। निखिल पल्सर बाइक पर आया था। वह अपने साथ फ्रूट जूस और खाना भी लाया था। इसके बाद दोनों बाहर नहीं गए। रात 11 बजे पुलिस आई तो दोनों बिस्तर पर मृत मिले।

    होटल में कई कर्मचारी काम करते हैं, लेकिन किसी ने गोली की आवाज नहीं सुनी। पास के कमरों में बराती ठहरे हुए थे। शोर भी हो रहा था, शायद इसलिए आवाज नहीं सुनाई दी। यहां से बारात को कहीं और जाना था। यहां सिर्फ बराती ही ठहरे हुए थे।

    होटल संचालक ने बताया कि निखिल और कोमल इससे पहले तीन बार इस होटल में आ चुके हैं। वह जनवरी में दो बार और अभी तीन दिन पहले ही आए थे।

    दोपहर एक से रात आठ बजे तक सीसीटीवी बंद

    इस होटल में 11 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। ये हमेशा चालू रहते हैं, लेकिन सोमवार को दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक ये सभी सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। इस बारे में जब होटल मालिक से पूछा गया तो उसने बताया कि किसी कर्मचारी ने गलती से सीसीटीवी कैमरों का बटन बंद कर दिया था।

    बहुत कुछ कर रहे इशारा

    रात 8 बजे जब किसी दूसरे कर्मचारी ने देखा तो कैमरे फिर से चालू हो गए। हालांकि, यह बेहद संदिग्ध है कि जिस समय होटल में इतनी बड़ी घटना हुई, उसी समय सीसीटीवी कैमरे बंद थे।

    घटना में ये भी उठ रहे सवाल

    • होटल के कमरे में दो गोलियां चलीं, लेकिन किसी ने आवाज नहीं सुनी।
    • होटल के सीसीटीवी कैमरे भी दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक बंद मिले
    • दोनों शव बिस्तर पर इस तरह पड़े थे, जैसे दोनों को लेटे-लेटे ही गोली मारी गई हो
    • जिस तरफ लड़की का शव मिला, वहां बिस्तर से दो फीट की दूरी पर एक पिस्तौल पड़ी मिली
    • पहले किसे गोली लगी और किसने गोली चलाई, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी
    • कमरे से एक जहरीला पदार्थ भी बरामद हुआ, अगर दोनों ने जहरीला पदार्थ निगला था तो उन्होंने खुद को गोली मारकर आत्महत्या क्यों की
    • लड़की के परिजन होटल पहुंचे, लेकिन मंगलवार शाम तक पोस्टमार्टम हाउस नहीं गए
    • पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन अधिकारी यह जवाब नहीं दे पा रहे कि आखिर क्यों

    प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। होटल से डीवीआर, आईडी व अन्य साक्ष्य कब्जे में ले लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

    -सत्येंद्र सिंह, थाना प्रभारी, मानेसर