Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Gurugram Rains: गुरुग्राम में जमकर बरसे बादल, जलभराव से सड़कों पर लगा ट्रैफिक जाम; पानी में डूबे विभागों के दावे

    Updated: Tue, 01 Jul 2025 07:05 AM (IST)

    गुरुग्राम में भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया जिससे यातायात बाधित हुआ और लोग जाम में फंस गए। तापमान गिरने से मौसम सुहाना हो गया लेकिन जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। नगर निगम के दावों के बावजूद शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। मौसम विभाग ने छह जुलाई तक वर्षा का अनुमान जताया है।

    Hero Image
    दिल्ली जयपुर हाईवे पर वाहन ट्रैफिक जाम में फंसे रहे।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। क्षेत्र में वर्षा होने से सोमवार को मौसम बदल गया। सुबह के समय हुई हल्की वर्षा के बाद शाम को पांच बजे के बाद हुई तेज वर्षा से शहर में हालात बिगड़ गए। लोग जैसे घर जाने के लिए कार्यालयों से निकले, वर्षा तेज हो गई। सड़कों पर जलभराव हो गया और लोग ट्रैफिक जाम में फंस गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शहर के झाड़सा रोड और मुख्य चौराहे, सिग्नेचर टावर, इफको चौक, सुभाष चौक, राजीव चौक और हीरो होंडा चौक पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इसके अलावा हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक और हीरो होंडा चौक मानेसर की तरफ दिल्ली जयपुर हाईवे पर वाहन ट्रैफिक जाम में फंसे रहे।

    लगभग एक घंटे तक वर्षा होती रही। इससे पहले सुबह के समय गुरुग्राम शहर में दो एमएम वर्षा हुई थी। वहीं सोहना में सुबह 20 एमएम वर्षा हुई थी। नगर निगम, जीएमडीए और प्रशासन ने दावा किया था कि जलभराव से निपटने के इंतजाम कर लिए गए हैं, लेकिन वर्षा होते ही यह दावे जलभराव में डूब गए।

    शहर के कुछ क्षेत्रों में भारी पेड़ गिरने से बिजली भी गुल हो गई। शहर के अलावा मानेसर क्षेत्र में भी वर्षा हुई। वर्षा के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली-जयपुर हाईवे पर हुई। हाईवे की सर्विस लेन नरसिंहपुर में पानी में डूब गई और इसके कारण वाहन चालकों के वाहन पानी में बंद हो गए।

    राहत के साथ बरसी आफत

    तेज वर्षा ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं लोगों की परेशानियां भी बढ़ा दीं। शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। पुराने गुरुग्राम के सेक्टर चार, पांच, नौ, 10, 10ए, 15 और नए गुरुग्राम के सेक्टर 38, मेदांता अस्पताल रोड, आर्टिमिस अस्पताल रोड, सेक्टर 52, सेक्टर 47 सहित सुशांत लोक, सेक्टर 45, 46, 52, 53, 56 और 57 की सड़कों पर पानी भर गया।

    जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़कों पर जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। उद्योग विहार, ओल्ड दिल्ली रोड, ओल्ड रेलवे रोड तथा सेक्टर 14 क्षेत्र में भी वर्षा का पानी भर गया।

    चार डिग्री लुढका पारा, हवा भी हो गई साफ

    वर्षा के चलते शहर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगभग चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गयाहै। गर्मी से राहत महसूस की गई और मौसम सुहाना हो गया। वर्षा के बाद अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले दिन का तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा था।

    छह जुलाई तक वर्षा का अनुमान

    मौसम विभाग के अनुसार छह जुलाई तक हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। गुरुग्राम में रात को ही बादल छा गए थे। सुबह वर्षा शुरू हो गई। लेकिन यह वर्षा ज्यादा देर तक नहीं हुई। शाम को पांच बजे के बाद लगभग एक घंटे तक वर्षा होने से मौसम बदल गया।

    ये हैं जलभराव के संवेदनशील क्षेत्र

    • मेदांता अस्पताल रोड, सेक्टर 38, मेफील्ड गार्डन रोड, दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन नरसिंहपुर
    • आर्टिमिस रोड, सुशांत लोक दो और तीन,पटौदी रोड, सेक्टर नौ, सेक्टर दस और
    • पुराना दिल्ली रोड सहित शहर में 50 से ज्यादा स्थानों पर भारी जलभराव होता है।