विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 31, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gurugram Heavy Rain: सुभाष चौक और दिल्ली-जयपुर हाईवे सर्विस लेन पर कार के बोनट पानी में डूबे, थम गया ट्रैफिक

Published: Thu, 31 Jul 2025 03:02 PM (IST)

गुरुग्राम में लगातार बारिश से निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। सुभाष चौक और दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ...और पढ़ें

दिल्ली जयपुर हाईवे के साथ सर्विस लेन भी पूरी तरह से डूब गई।
दिल्ली जयपुर हाईवे के साथ सर्विस लेन भी पूरी तरह से डूब गई।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में बृहस्पतिवार को सुबह से वर्षा शुरू हो गई। मौसम तो सुहाना हो गया लेकिन जगह-जगह जलभराव ने मुसीबत खड़ी कर दी। देखते ही देखते पॉश इलाके कहे जाने वाले क्षेत्र भी जलमग्न हो गये। चौक-चौराहों पर जलभराव के कारण गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। निचले इलाकों में स्थिति और बदतर हो गई। लोगों को घरों से बाहर निकलकर अपने ऑफिस आदि जाने में कड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इस बीच सुभाष चौक पर तीन फुट से ज्यादा पानी लग गया। वहीं, दिल्ली जयपुर हाईवे के साथ सर्विस लेन भी पूरी तरह से डूब गई। ऐसे में वाहन चालक गहरे पानी में फंसने के डर से सड़क रेंग-रेंगकर चलते दिखे। नतीजतन, कुछ ही देर में चारों ओर ट्रैफिक जाम के हालात बन गये और गाड़ियों के हॉर्न के शोर से माहौल बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लगने से राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सरकारी अवकाश होने के कारण 50 प्रतिशत लोग घरों पर ही रहे, लेकिन प्राइवेट कार्यालयों में जाने वाले लाेग जलभराव और जाम से जूझते हुए देखे गये। सेक्टर चार, सात, नौ, नौ ए, सेक्टर दस, दस ए, हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक, पटौदी रोड, बसई रोड, सेक्टर 15, 15 ए, सेक्टर 40, 31, 38, 39, 46, सुशांत लोक, सेक्टर 55-56 सहित पुराने गुरुग्राम में डूंडाहेड़ा, बस स्टैंड, शीतला माता रोड सहित लगभग सभी सड़कों पर जलभराव हो गया।

सबसे ज्यादा जलभराव सुभाष चौक और दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर हुआ। दोनों जगह पर कई वाहनों के बोनट से ऊपर तक पानी पहुंच गया और वाहन पानी में बंद हो गए। पिछले दिनों हुई 133 एमएम वर्षा के दौरान भी सोहना रोड और सुभाष चौक क्षेत्र में सैलाब आ गया था और कई वाहन इसमें फंस गए थे। शीतला माता रोड पर भी करीब तीन से चार फुट तक जलभराव हो गया। वहीं, इसी जलभराव में फंसी वैगनआर कार को यातायात पुलिस की क्रेन के माध्यम से हटवाना पड़ा।

यह भी पढ़ें- 40 मिनट की बारिश में गुरुग्राम की सड़कें बनीं दरिया, चलने लगे नाव; लोग रहे परेशान