यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gurugram: गुरुग्राम में उपद्रवियों ने धार्मिक स्थल पर किया हमला, एक की मौत
नूंह में हिंसक झड़प के बाद मंगलवार को गुरुग्राम के सेक्टर-57 में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में कुछ लोगों ने आग ...और पढ़ें

गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। नूंह में हिंसक झड़प के बाद सोमवार देर रात कुछ उपद्रवियों ने गुरुग्राम के सेक्टर-57 एक धार्मिक स्थल पर हमला कर आग लगा दी। उपद्रवियों द्वारा धार्मिक स्थल पर किए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो व्यक्ति घायल हो गए हैं।
सौ से ज्यादा लोगों ने किया हमला
अंजुमन कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद असलम ने बताया कि रात 12 बजे के बाद 100 से ज्यादा लोग एक धार्मिक के पास पहुंचे थे। सबसे पहले उन्होंने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, फिर आग लगा दी गई। इसके बाद गोलियां चलाई और तलवार से दो लोगों पर हमला किया।
इस हमले में धार्मिक स्थल में रहने वाले नायब इमाम मोहम्मद साद की मौत हो गई जो मूल रूप से बिहार का रहना वाला था, जबकि एक अन्य घायल भी हो गया। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा। बताया जाता है कि इस बिल्डिंग के निर्माण को लेकर नजदीकी गांव वालों का पहले भी एक बार झगड़ा हो चुका है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, मौलाना साद पर उपद्रवियों ने चाकू से उनके सीने और उससे नीचे नौ बार हमला किया था।
उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज: पुलिस
सेक्टर-57 में मस्जिद में आग लगाने के मामले में सेक्टर-56 पुलिस थाने की टीम ने जगह-जगह छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में कई लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
इस घटना को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके में भारी बल तैनात कर दिया है। वहीं, प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिन इलाकों में जो वर्ग अल्पसंख्यक है उसको ध्यान में रखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया है।
वहीं, गुरुग्राम के सेक्टर-82 इलाके में स्थिक एक धार्मिक स्थल पर उपद्रवियों द्वारा हमला कर आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भारी सुरक्षा बले तैनात कर दिया है।
