गुरुग्राम नगर निगम डिफाल्टरों के खिलाफ सख्त, इन लोगों की 100 से अधिक संपत्तियां होंगी सील
गुरुग्राम नगर निगम ने संपत्ति कर के बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का फैसला किया है। एक करोड़ से अधिक बकाया वाले 100 से अधिक संपत्तियां सील होंगी। निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि वसूली में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सीलिंग के बाद भी भुगतान न करने पर संपत्तियां नीलाम होंगी। निगम ने लोगों से बकाया टैक्स जल्द जमा करने की अपील की है।

जागरण संवाददाता, नया गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम ने संपत्ति कर के बड़े बकायेदारों के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई शुरू करने का फैसला किया है। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया के निर्देश पर अगले सप्ताह से एक करोड़ रुपये से अधिक कर बकाया वाले 100 से अधिक बकायेदारों की संपत्तियां सील की जाएंगी। पहले चरण में चारों जोनों से पांच-पांच संपत्तियों को सील करने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, शहर में 30 हजार से अधिक कर बकायादार हैं, जिन पर 800 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। इनमें से 400 लोगों को हाल ही में नोटिस जारी किए गए थे। एक सप्ताह की समय सीमा पूरी हो चुकी है और अब निगम सोमवार से सीलिंग अभियान शुरू करेगा।
अभी तक निगम केवल बड़े बकायेदारों को नोटिस भेजकर औपचारिकता पूरी कर रहा था, लेकिन न तो किसी संपत्ति को सील किया गया और न ही नीलाम किया गया। इस बार निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि वसूली में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
सीलिंग के बाद भी कर का भुगतान नहीं करने पर संपत्तियों को ई-नीलामी में डाला जाएगा। इस वित्तीय वर्ष में वसूली में सुधार हुआ है। अप्रैल से सितंबर तक नगर निगम ने 245 करोड़ रुपये का टैक्स वसूला है, जबकि पिछले पूरे साल में सिर्फ 232 करोड़ रुपये ही वसूले गए थे।
निगम को उम्मीद है कि एआई आधारित तकनीक और सख्त कार्रवाई की दोहरी रणनीति से वह खजाना भरने में सफल रहेगा। गुरुग्राम में इस समय 7.05 लाख से ज्यादा प्रॉपर्टी रजिस्टर्ड हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 4.37 लाख रिहायशी और 1.11 लाख खाली प्लॉट हैं।
निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया का कहना है कि बड़े टैक्स डिफॉल्टरों की प्रॉपर्टी सील करने का अभियान शुरू किया जा रहा है। लोगों से अपील है कि वे समय रहते अपना बकाया टैक्स जमा करा दें, अन्यथा सीलिंग और नीलामी की कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।