Weather Update: दिनभर रही उमस और गर्मी, शाम को वर्षा से मौसम हुआ सुहाना; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट
शनिवार को गुरुग्राम में गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे। शाम को अचानक मौसम बदला और बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने 2 से 5 जून तक बारिश की संभावना जताई है। चिकित्सकों ने गर्मी से बचने के लिए दिन में बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

जागरण संवाददाता गुरुग्राम। क्षेत्र में शनिवार को गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। लेकिन शाम को पांच बजे अचानक मौसम बदल गया और वर्षा शुरू हो गई। इससे पहले धूल भरी हवा भी चली। वर्षा होने से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया।
बता दें कि सुबह से ही धूप ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। दिनभर लोगों को चिलचिलाती धूप और तपिश का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
गर्मी ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर कम वाहन नजर आए। जरूरी काम से ही लोग बाहर निकले और जल्द से जल्द वापस लौटने की कोशिश करते दिखे।
हालांकि, राहत की खबर यह है कि मौसम विभाग ने दो जून से पांच जून तक वर्षा की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
इससे लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हवा में नमी की अधिकता के चलते वर्षा के आसार बन रहे हैं। यदि पूर्वानुमान सही रहता तो मानसून पूर्व की वर्षा लोगों के लिए राहत लेकर आ सकती है।
चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी है कि अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए दिन के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और भरपूर पानी पीते रहें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।