गुरुग्राम में बनेगा एक और टोल प्लाजा, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जगह चिह्नित; 3 महीने में होगा निर्माण पूरा
गुरुग्राम के सहरावन गांव में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 10 सितंबर के बाद 28 एकड़ भूमि पर 14 लेन का बूथलेस टोल प्लाजा बनना शुरू हो जाएगा। निर्माण तीन महीने में पूरा होने का लक्ष्य है जिसके बाद खेड़कीदौला टोल प्लाजा बंद हो जाएगा। पचगांव चौक पर फ्लाईओवर बनने के कारण टोल प्लाजा को सहरावन में स्थानांतरित किया गया है।

आदित्य राज, गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सहरावन गांव में टोल प्लाजा बनाने का निर्माण 10 सितंबर के बाद शुरू हो जाएगा। इसके लिए जगह चिन्हित कर ली गई है। एचएसआईआईडीसी की 28 एकड़ भूमि पर 14 लेन का बूथलेस टोल प्लाजा बनेगा। सहरावन में भी तीन महीने के भीतर निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण पूरा होते ही खेड़कीदौला टोल प्लाजा बंद कर दिया जाएगा।
खेड़कीदौला में दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर संचालित टोल प्लाजा को हटाकर पचगांव चौक के नजदीक बनाने का निर्णय पहले लिया गया था। निर्माण भी शुरू हाे चुका था लेकिन ग्रामीणों की मांग पर जहां पर टोल प्लाजा का निर्माण शुरू किया गया था, उस जगह पर फ्लाईओवर बनाने का निर्णय केंद्र सरकार ने लिया है।
टोल प्लाजा पचगांच चौक से लगभग डेढ़ किलोमीटर पहले सहरावन गांव में बनाया जाएगा। वहां पर भी एचएसआइआइडीसी के पास काफी जमीन है। इस वजह से जगह बदलने में दिक्कत नहीं हुई। एनएचएआई ने जगह चिन्हित कर टोल प्लाजा बनाने की दिशा में कागजी कार्यवाही तेज कर दी है। एक सप्ताह के भीतर कागजी कार्यवाही पूरी हो जाएगी। सबसे पहले टोल प्लाजा संचालन के लिए कंट्राेल रूम का निर्माण किया जाएगा।
टोल प्लाजा के निर्माण पर 20 करोड़ रुपये की लागत आएगी। 14 लेन में से एक-एक लेन दोनों तरफ टोल के दायरे से बाहर वाले वाहनों के लिए निर्धारित होगी। यह बूथलेस टोल प्लाजा होगा यानी टोल देने के लिए गाड़ी नहीं रुकेगी। टोल प्लाजा का सिविल वर्क एनएचएआइ द्वारा पूरा किए जाने के बाद डिजिटल वर्क इंडियन हाईवे मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (आइएचएमसीएल) द्वारा किया जाएगा।
बता दें कि सहरावन गांव एवं पचगांव चौक के नजदीक से एक समान ही प्रतिदिन औसतन 90 हजार से अधिक वाहन निकलते हैं। इनमें भारी वाहनों की संख्या अधिक है। इतने वाहनों के हिसाब से 28 एकड़ भूमि पर बूथ आधारित टोल प्लाजा का निर्माण संभव नहीं था। इसे ध्यान में रखकर बूथलेस टोल प्लाजा बनाने का निर्णय एनएचएआइ ने लिया है। जिस वाहन के फास्टैग में बैलेंस नहीं होगा, उसके लिए जुर्माना सहित नोटिस आटामेटिक ही जिसके नाम पर वाहन पंजीकृत है, उसके पास पहुंच जाएगा।
फ्लाईओवर के निर्माण की तैयारी भी शुरू
पचगांव चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। 10 सितंबर के बाद इसका भी निर्माण शुरू दिया जाएगा। इसे लेकर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने पचगांव चौक की समस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए दैनिक जागरण के प्रति आभार प्रकट किया है।
ग्वालियर गांव के पूर्व सरपंच सिकंदर यादव का कहना है कि दैनिक जागरण ने जिंदगी बचाने को लेकर पचगांव चौक की समस्या को प्रमुखता से उठाया। चौक पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। बहुत पहले चौक पर अंडरपास या फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हो जाना चाहिए था। अब जितनी जल्द हो फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होना चाहिए।
सहरावन गांव में टोल प्लाजा के निर्माण की तैयारी शुरू हो चुकी है। 10 सितंबर के बाद किसी भी दिन से निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। पचगांव चौक के नजदीक निर्माण के लिए जो डिजाइन तैयार किया गया था, उसी के आधार पर सहरावन में भी निर्माण किया जाएगा। पचगांव चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण को लेकर तैयारी भी शुरू कर दी गई है। जल्द से जल्द निर्माण पूरा कराने का प्रयास होगा। - प्रकाश तिवारी, उपप्रबंधक, एनएचएआई (रेवाड़ी)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।