Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में स्थापित की जाएगी एक विश्व स्तरीय इनक्यूबेटर, स्टार्टअप्स को मिलेगी नई उड़ान

    Updated: Thu, 04 Sep 2025 11:32 PM (IST)

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में उद्यमियों के साथ संवाद किया और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने और हरियाणा को ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर बनाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से मेक इन हरियाणा का आह्वान किया और सीएसआर फंड का उपयोग स्वास्थ्य सेवाओं में करने का आग्रह किया।

    Hero Image
    प्रदेश में स्थापित की जाएगी एक विश्व स्तरीय इनक्यूबेटर।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार शाम शहर के एक होटल में उद्यमियों के साथ संवाद किया। विशेष रूप से स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित किया।

    संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अग्रणी स्टार्टअप, कार्पोरेट्स और शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर एक विश्व स्तरीय इनक्यूबेटर स्थापित की जाएगी। इसमें स्टार्टअप्स के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

    साथ ही केंद्र सरकार के देश को सेमीकंडक्टर हब बनाने के विजन के अनुरूप, हरियाणा सरकार भी राज्य में सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने के लिए एक समर्पित नीति तैयार करेगी। प्रदेश सरकार का लक्ष्य गुरुग्राम सहित पूरे हरियाणा को विश्व की ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर राजधानी के रूप में विकसित करना है। इस कड़ी में सरकार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स के लिए भी एक विशेष नीति बनाएगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एचएसआइआइडीसी) द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्थापित किए जाने वाले विश्व स्तरीय इनक्यूबेटर में समर्पित प्लग एंड प्ले कार्यस्थान, बैठक कक्ष, उच्च प्रदर्शन कंप्यूटिंग संसाधन, उभरती प्रौद्योगिकियों में अनुसंधान करने के लिए नवीनतम उपकरणों के साथ समर्पित नवाचार प्रयोगशालाएं, प्रोटोटाइपिंग केंद्र आदि होंगे।

    इनसे राज्य के स्टार्टअप अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास गतिविधियां शुरू कर सकेंगे। हरियाणा एक नई औद्योगिक नीति तैयार करने पर काम कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने “मेक इन इंडिया” और “डिजाइन इन इंडिया” के माध्यम से देश को विकसित बनाने का आह्वान किया है। उसी तर्ज पर प्रदेश सरकार ने भी विकसित हरियाणा का लक्ष्य रखा है।

    इसके लिए मुख्यमंत्री ने सभी उद्योगपतियों से “मेक इन हरियाणा” और “डिजाइन इन हरियाणा” का आह्वान किया। प्रदेश में 10 नए आइएमटी विकसित किए जा रहे हैं, जो अत्याधुनिक औद्योगिक और स्टार्टअप इन्फ्रास्ट्रक्चर से युक्त होंगे। इसके लिए ई-भूमि पोर्टल पर भूमि मालिकों द्वारा स्वेच्छा से लगभग 20 हजार एकड़ भूमि की पेशकश भी की जा चुकी है।

    सरकार की ओर से उद्योगों को सभी प्रकार की सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। प्रदेश सरकार जिला स्तर एक अस्पताल को निजी अस्पतालों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त कर रही है। उन्होंने उद्योगपतियों से आह्वान किया कि वे सीएसआर फंड का उपयोग, सामाजिक क्षेत्र विशेषकर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में करें।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा स्टार्टअप्स की संख्या के मामले में राष्ट्रीय स्तर पर सातवें स्थान पर है। प्रदेश में 9,100 से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स कार्यरत हैं। 50 प्रतिशत स्टार्टअप्स महिला नेतृत्व वाले हैं।

    स्टार्टअप्स को मजबूत करने के लिए राज्य के सभी इंडस्ट्रियल एस्टेट में इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि स्थानीय स्तर पर स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन, संसाधन और नेटवर्किंग का सहयोग मिल सके। साथ ही गुरुग्राम और पंचकूला में अत्याधुनिक एआइ हब स्थापित किए जा रहे हैं।

    विकसित राष्ट्र बनाने में हरियाणा निभाएगा अहम भूमिका : राव नरबीर सिंह

    प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि जिस प्रकार हरित क्रांति ने देश को आत्मनिर्भर बनाया और किसानों ने देश ही नहीं, बल्कि अन्य गरीब देशों को भी खाद्यान्न उपलब्ध कराया, उसी प्रकार अब उद्योगों के विस्तार और नई तकनीक के विकास की आवश्यकता है। यदि देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है, तो उद्योग और तकनीकी क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना होगा।

    हरियाणा भी औद्योगिक विकास की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। उद्योगों के बजट में 126 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। पिछले वर्ष लगभग 800 करोड़ रुपये का बजट था, जिसे बढ़ाकर अब 1800 करोड़ रुपये से अधिक कर दिया गया है। उन्होंने उद्योगपतियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार आपको हर सुविधा प्रदान करेगी। आने वाले समय में हरियाणा देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

    संवाद कार्यक्रम को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव डा. अमित कुमार अग्रवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को डेंसो हरियाणा प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी कार्पोरेट सोशल रिस्पान्सिबिलिटी (सीएसआर) गतिविधियों के तहत दो अत्याधुनिक फायर टेंडर भेंट किए। कार्यक्रम में सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी एवं गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

    comedy show banner
    comedy show banner