Gurugram News: बारिश के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भरा पानी, वाहनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक
गुरुग्राम के नरसिंहपुर क्षेत्र में भारी बारिश के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे और सर्विस लेन जलमग्न हो गए जिससे भीषण ट्रैफिक जाम लग गया। अधूरे कलवर्ट सफाई कार्य और नई ड्रेन के बेकार साबित होने से स्थिति और भी बदतर हो गई। बारिश ने जल निकासी व्यवस्था के सरकारी दावों की पोल खोल दी।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। क्षेत्र में सोमवार सुबह सुहाने मौसम और दोपहर में उमस के बाद शाम को छह बजे अचानक तेज वर्षा शुरू हो गई। नरसिंहपुर, मोहम्मदपुर झाड़सा सहित आसपास के क्षेत्र में ही तेज वर्षा होने के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे और इसकी सर्विस लेन पानी में डूबने से हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
सर्विस लेन और हाईवे पर इतना पानी आ गया कि वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गए। नरसिंहपुर हाईवे का जलभराव की दृष्टि से सबसे बड़ा हाट स्पाट है। जिला प्रशासन और जीएमडीए की ओर इस मानसून में यहां जलनिकासी के प्रबंधों का दावा किया गया था, लेकिन सभी दावे पानी में बह गए। हर बार वर्षा के बाद यहां पर जलभराव हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर अधिक रहने से दोपहर में उमस महसूस की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी दिनों में राहत मिल सकती है। विभाग ने छह, सात और आठ अगस्त को अच्छी वर्षा का अनुमान जताया है। इसके बाद दस अगस्त तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और मौसम में ठंडक बढ़ सकती है।
हीरो होंडा चौक से टोल प्लाजा तक लगा जाम
वर्षा के बाद हीरो होंडा चौक खेड़कीदौला टोल प्लाजा तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। वाहन घंटों तक ट्रैफिक जाम में फंसे रहे। सर्विस लेन पर बाढ़ जैसी स्थिति हो गई और कई वाहन चालक तथा कारें जलभराव में फंस गई।
कलवर्ट की सफाई के नाम पर खोद दिया गड्ढा
दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर जलभराव के हाटस्पाट नरसिंहपुर में कलवर्ट की सफाई के नाम पर एक बड़ा गड्ढा करके छोड़ दिया गया है। काम लगभग एक महीने से बंद पड़ा है और कोई समाधान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने नहीं किया है। हाईवे की सर्विस लेन पूरी तरह बंद पड़ी है।
नरसिंहपुर में सर्विस लेन बंद होने के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। जिन नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीणों को हीरो होंडा चौक, खेड़कीदौला तथा नरसिंहपुर से इस सर्विस लेन पर जाना होता है, एक लंबा चक्कर हाईवे का काटकर अपने गंतव्य तक पहुंच पा रहे हैं।
बारिश में बह गए सरकारी दावे
वर्षा ने नगर निगम और जीएमडीए की जल निकासी व्यवस्था की पूरी तरह से पोल खोल दी है। मानसून से पहले नालों की सफाई के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन सच्चाई सामने आते ही सभी दावे कागजी साबित हुए। वर्षा के बाद शहर के अधिकांश इलाकों में नाले ओवरफ्लो हो जाते हैं।
नई ड्रेन से भी नहीं मिली राहत
नरसिंहपुर में 750 मीटर लंबी नई ड्रेन बनने के बाद भी जलभराव से राहत नहीं मिली है। वर्षा के बाद हाईवे के दोनों तरफ सर्विस लेन पानी में डूब गई। एनएचएआई के अधिकारियों की लापरवाही के कारण हाईवे के कलवर्ट की सफाई का कार्य अधर में है और गाद सड़क पर होने के कारण रास्ता बंद है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।