यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 25, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bandikui-Jaipur Expressway बनकर तैयार, अब जयपुर जाना होगा आसान
राजस्थान में बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेसवे बनकर तैयार है जिससे गुरुग्राम से जयपुर का सफर अब केवल ढाई घंटे में तय किया ...और पढ़ें

HighLights
- बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेसवे बनकर तैयार
- जयपुर का सफर अब ढाई घंटे में
- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ाव
आदित्य राज, गुरुग्राम। राजस्थान में बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा हो चुका है। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अगले महीने किसी एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक लोड डाला जा सकता है। लोड डालने के बाद बीच में किसी भी दिन इसका औपचारिक उद्घाटन कर दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे का उद्घाटन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। एक्सप्रेसवे के निर्माण से साइबर सिटी यानी गुरुग्राम से पिंकी सिटी यानी जयपुर पहुंचना आसान हो जाएगा। आप महज ढाई घंटे में जयपुर पहुंच सकेंगे।
जयपुर को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से सीधे जोड़ने के लिए राजस्थान के दौसा इलाके में बांदीकुई से जयपुर तक नया एक्सप्रेस-वे बनाया गया है। 67 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे फोर लेन का है। यह एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेस-वे है।
निर्माण मई के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य था लेकिन निर्माण लक्ष्य से पहले ही पूरा हो गया। इस पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से वाहन दौड़ेंगे। इस हिसाब से महज 25 से 30 मिनट में बांदीकुई से जयपुर पहुंचा जा सकेगा। अभी इसमें एक घंटे से ज्यादा का समय लगता है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के जरिए गुरुग्राम से बांदीकुई महज दो घंटे में पहुंचा जा सकेगा।
बांदीकुई से जयपुर एक्सप्रेस-वे बनने के बाद जयपुर पहुंचने के लिए दिल्ली-जयपुर हाईवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे दो बेहतर रूट हो गए हैं। इसके चलते लोग अब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के जरिए जयपुर जाना पसंद कर रहे हैं।
बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेस-वे चालू होने के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के प्रति आकर्षण और बढ़ेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप अत्री का कहना है कि बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेस-वे बनकर तैयार है। इस पर जल्द ही लोडिंग प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बनने से जयपुर की दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से कनेक्टिविटी और बेहतर हो गई है।
अब वडोदरा तक के चालू होने का इंतजार
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का रणथंभौर तक का हिस्सा पूरा हो चुका है। अब लोगों को वडोदरा तक के हिस्से के पूरा होने का इंतजार है। इस हिस्से के खुल जाने से लोग गुरुग्राम से वडोदरा 10 से 12 घंटे में पहुंच सकेंगे। अभी कार से सफर करने में 20 से 22 घंटे लगते हैं।
अक्सर गुजरात आते-जाते रहने वाले पालम विहार के व्यवसायी अरविंद वर्मा कहते हैं कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की वजह से देश की तस्वीर बदल गई है। यह विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे है। परियोजना के पूरा होने के बाद देश के कई इलाकों में विकास की रफ्तार बढ़ेगी, क्योंकि कई शहरों में आना-जाना आसान हो जाएगा। बता दें कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण 95 हजार करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
