विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दक्षिण हरियाणा को मिला तोहफा, फोरलेन बनेगा बिलासपुर-कुलाना रूट; गुरुग्राम में पटौदी-हेलीमंडी फ्लाईओवर मंजूर

Published: Sun, 01 Nov 2026 10:16 PM (IST)

होडल-बिलासपुर-कुलाना फोरलेन परियोजना दक्षिण हरियाणा के सड़क नेटवर्क को नई दिशा देगी, जिससे पटौदी शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी। ...और पढ़ें

होडल-बिलासपुर-पटौदी-कुलाना रोड। जागरण

होडल-बिलासपुर-पटौदी-कुलाना रोड। जागरण

HighLights

  1. दक्षिण हरियाणा के सड़क नेटवर्क को नई दिशा मिलेगी।

  2. पटौदी और हेलीमंडी को जाम से राहत मिलेगी।

  3. औद्योगिक गतिविधियों और व्यापार को गति मिलेगी।

डाॅ. ओम प्रकाश अदलखा, पटौदी। दक्षिण हरियाणा के सड़क नेटवर्क को नई दिशा देने वाली होडल-बिलासपुर-पटौदी-कुलाना फोरलेन परियोजना अब साकार होने की ओर बढ़ रही है।

परियोजना के पहले चरण में होडल से बिलासपुर तक करीब 71 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने की योजना पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। अब इसके दूसरे चरण में बिलासपुर से कुलाना तक सड़क चौड़ीकरण के साथ पटौदी और हेलीमंडी में एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण को भी सरकार ने मंजूरी दे दी है।

इस फैसले से न केवल दक्षिण हरियाणा की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि पटौदी शहर को भी रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

कई प्रमुख हाईवे से बेहतर संपर्क होगा

यह सड़क मार्ग क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क कॉरिडोर साबित हो सकता है। इसके माध्यम से दिल्ली-आगरा हाईवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, दिल्ली-जयपुर हाईवे, गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी मार्ग, रेवाड़ी-रोहतक हाईवे, गुरुग्राम-नूंह और गुरुग्राम-सोहना-तावडू-भिवाड़ी मार्गों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा।

सड़क के फोरलेन होने से वाहनों की आवाजाही आसान होगी और परिवहन में लगने वाला समय भी कम हो सकेगा। इससे औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को गति मिलने की संभावना है।

इस परियोजना के दूसरे चरण को मंजूरी मिलने के पीछे यातायात के भविष्य के दबाव को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि होडल से बिलासपुर तक सड़क फोरलेन बन जाती और आगे कुलाना तक मार्ग दो लेन का ही रहता तो वाहनों का दबाव संकरी सड़क पर बढ़ता।

इससे जाम और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ सकती थी।

फ्लाईओवर के विरोध के बाद भी मिली मंजूरी

पटौदी और हेलीमंडी में एलिवेटेड फ्लाईओवर का प्रस्ताव पहले भी सामने आया था। भाजपा के पिछले कार्यकाल में तत्कालीन विधायक सत्य प्रकाश जरावता ने बिलासपुर-कुलाना सड़क चौड़ीकरण और दोनों शहरों में फ्लाईओवर निर्माण की मंजूरी दिलाने का प्रयास किया था।

हालांकि, फ्लाईओवर से कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताते हुए पटौदी के दुकानदारों ने बाजार बंद कर विरोध किया था। उनकी मांग थी कि फ्लाईओवर के बजाय अंग्रेजी के अक्षर ओ की आकृति में बाईपास बनाया जाए।

इसके बाद योजना आगे नहीं बढ़ पाई। हाल ही में मौजूदा विधायक बिमला चौधरी ने भी मुख्यमंत्री के पटौदी दौरे के दौरान फ्लाईओवर के स्थान पर बाईपास की मांग रखने का आश्वासन दिया था। सरकार ने अब फ्लाईओवर और सड़क चौड़ीकरण को मंजूरी दे दी है।

शहर के भीतर घटेगा यातायात का दबाव

फ्लाईओवर बनने से भारी और लंबी दूरी के वाहन शहर के भीतर से गुजरने के बजाय ऊपर से निकल सकेंगे। इससे स्थानीय बाजार में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

परियोजना पूरी होने पर पटौदी-हेलीमंडी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में निगम की बड़ी कार्रवाई, '24 घंटे चैलेंज' में लापरवाही पर 2 अफसरों पर जुर्माना; 62 को कारण बताओ नोटिस

यह भी पढ़ें- दिल्ली में गैर-BS-6 गाड़ियों पर रोक, 5 बॉर्डरों पर सख्त चेकिंग; गुरुग्राम में थमी वाहनों की रफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।