दिल्ली में गैर-BS-6 गाड़ियों पर रोक, 5 बॉर्डरों पर सख्त चेकिंग; गुरुग्राम में थमी वाहनों की रफ्तार
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए गैर-बीएस-6 वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। ...और पढ़ें
-1793514046534_m.webp)
वाहनों की चेकिंग की जा रही है। जागरण
HighLights
दिल्ली में गैर-बीएस-6 वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध।
गुरुग्राम-दिल्ली सीमाओं पर सघन जांच, यातायात धीमा।
जनवरी 2027 तक लागू रहेंगे ये कड़े नियम।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए रविवार से दिल्ली की सीमाओं पर कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं। दिल्ली के बाहर पंजीकृत गैर बीएस-6 वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है।
वहीं, आधी रात से ही गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त रूप से बॉर्डर पर मोर्चा संभाल लिया है और हर वाहन की जांच की जा रही है। रात 12 बजते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोकना शुरू कर दिया।
गुरुग्राम-दिल्ली के पांच सबसे महत्वपूर्ण बॉर्डरों- दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सरहौल बॉर्डर, कापसहेड़ा, आया नगर, रजोकरी बॉर्डर और बजघेड़ा बॉर्डर, ग्वाल पहाड़ी पर गुरुग्राम यातायात पुलिस की पांच विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
वैकल्पिक मार्ग से जाने की सलाह
इनके अलावा मानेसर में पचगांव के पास भी एक नाका लगाया गया है, जहां दूसरे राज्यों से आने वाले कमर्शियल वाहनों को रोककर केएमपी एक्सप्रेसवे के रास्ते आगे भेजा जा रहा है। दिल्ली जाने वाले 2020 से पहले के भारी वाहनों को पचगांव में ही रोककर दूसरे वैकल्पिक मार्ग से जाने की सलाह दी जा रही है।
बॉर्डर पर लगातार चल रहे सघन जांच अभियान के कारण यातायात की रफ्तार धीमी रही। वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों को जांच के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि, रविवार होने और कार्यालय बंद रहने के कारण जाम जैसी गंभीर स्थिति नहीं बनी। नौकरीपेशा लोग घरों पर ही रहे, जिससे सुबह के समय दबाव कम रहा।

जनवरी तक रहेगी लागू
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पाबंदी जनवरी महीने तक लागू रहेगी। नियम के तहत एक नवंबर से 31 जनवरी 2027 तक दिल्ली में केवल बीएस-6, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। बिना वैध पीयूसी के कोई भी वाहन दिल्ली में नहीं जा पाएगा। ऐसे में अगले तीन महीनों में वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ सकती है।
सोमवार को बिगड़ सकती है स्थिति
सोमवार को जब कार्यालय खुलेंगे तो स्थिति बिगड़ सकती है। सुबह और शाम पीक ऑवर्स में इन सभी बॉर्डरों पर भारी जाम लग सकता है। इसलिए यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे दिल्ली जाने से पहले अपने वाहन के कागजात, बीएस-6 मानक और पीयूसी की जांच कर लें और प्रतिबंधित वाहन लेकर बॉर्डर पर न आएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।