गुरुग्राम के गांव में दिखा तेंदुए का परिवार, मादा के साथ घूमते नजर आए दो शावक; सामने आया CCTV वीडियो
गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र के गांव घामड़ोज में एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ रिहायशी इलाके में सीसीटीवी में कैद हुई है। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है और वे बच्चों व मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

सोहना क्षेत्र के गांव घामड़ोज में एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ रिहायशी इलाके में घूमती दिखाई दी। वीडियो ग्रैब
HighLights
मादा तेंदुआ दो शावकों संग घामड़ोज गांव में दिखी।
सीसीटीवी फुटेज में रिहायशी इलाके में घूमते कैद हुए।
ग्रामीणों में बच्चों, मवेशियों की सुरक्षा को लेकर दहशत।
सतीश राघव, सोहना (गुरुग्राम)। अरावली की पहाड़ियों से सटे गांवों में जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियां ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही हैं। सोहना क्षेत्र के गांव घामड़ोज में एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ रिहायशी इलाके में घूमती दिखाई दी। तीनों की गतिविधियां गांव के एक आश्रम के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। फुटेज सामने आने के बाद ग्रामीणों में दहशत है। लोगों को अपने बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
तेंदुए के परिवार की मौजूदगी सामने आने से खतरा बढ़ा
सीसीटीवी फुटेज में रात के समय एक दीवार के ऊपर से एक के बाद एक तीन तेंदुए नीचे उतरते दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक मादा तेंदुआ और उसके दो शावक हैं। इसके बाद तीनों आश्रम परिसर के पास रखी पानी की टंकी के नजदीक पहुंचते हैं और पानी पीते नजर आते हैं। कुछ देर तक आसपास घूमने के बाद तीनों वहां से आगे बढ़ जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, आबादी के इतने करीब तेंदुए के परिवार की मौजूदगी सामने आने से खतरा और बढ़ गया है।
तेंदुओं की गतिविधियां लगातार देखी जा रहीं
गांव के मास्टर सतपाल, शील कुमार, मनबीर राघव और जयपाल सिंह ने बताया कि रिहायशी इलाके में तेंदुआ दिखाई देने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार तेंदुए गांव में घुस चुके हैं और पहाड़ी की तलहटी में रहने वाले पशुपालकों की बकरियों तथा गाय के बच्चों को उठा ले गए हैं। आश्रम, देवी मंदिर और मिढ़ावली क्षेत्र में भी पिछले कुछ समय से तेंदुओं की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं।

तलहटी में बसे कई गांवों के लोग इस समस्या से चिंतित
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग के स्थानीय अधिकारियों को कई बार इसकी शिकायत दी गई, लेकिन जंगली जानवरों की गतिविधियों पर निगरानी के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उनका कहना है कि पानी और भोजन की तलाश में तेंदुए आबादी की ओर पहुंच रहे हैं। गांव रायसीना, सांप की नंगली, घामड़ोज, भोंडसी, टिकली और सकतपुर सहित अरावली की तलहटी में बसे कई गांवों के लोग इस समस्या से चिंतित हैं।
लोगों को सतर्कता बरतनी होगी
ग्रामीणों ने वन विभाग से घामड़ोज में तत्काल टीम भेजने, तेंदुओं की गतिविधियों पर निगरानी रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। इस बारे में वन विभाग के स्थानीय अधिकारी खजान सिंह का कहना है कि जंगली जानवरों का प्राकृतिक आवास पहाड़ी और वन क्षेत्र ही है। विभाग की ओर से ध्यान रखा जाता है। कुछ लोगों ने पहाड़ी क्षेत्र में ही घर बना रखे हैं और पशु भी पाल रखे हैं। लोगों को अपनी ओर से भी सतर्कता बरतनी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।