बारिश में नहीं थमेगी गुरुग्राम की रफ्तार, 31 दिसंबर तक बनेगा फ्लड मैनेजमेंट प्लान; अपनाएंगे हैदराबाद मॉडल
गुरुग्राम को जलभराव से निजात दिलाने के लिए 31 दिसंबर तक एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिसमें समस्या के ...और पढ़ें

गुरुग्राम में नहीं बनेंगे बाढ़ जैसे हालात। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। हर मानसून में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति से जूझने वाले गुरुग्राम को राहत दिलाने के लिए हरियाणा सरकार ने अब ठोस कार्ययोजना तैयार करने की समय-सीमा तय कर दी है।
जिला प्रशासन को 31 दिसंबर तक बाढ़ प्रबंधन का व्यापक प्लान तैयार करना होगा। खास बात यह है कि इस बार योजना केवल सड़कों पर जमा पानी निकालने और पंप लगाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जलभराव के मूल कारणों को दूर करने पर जोर दिया जाएगा।
इसके लिए शहर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर ड्रेनेज व्यवस्था की खामियों, नालों की रुकावट और वर्षा जल निकासी के डिजाइन की जांच की जाएगी।
31 दिसंबर तक तैयार होगा बाढ़ प्रबंधन प्लान
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डाॅ. सुमिता मिश्रा ने बृहस्पतिवार को बताया कि गुरुग्राम के उपायुक्त को बाढ़ बचाव कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कदम केंद्रीय गृह मंत्रालय की उच्चस्तरीय बैठक के बाद उठाया गया है, जिसमें गुरुग्राम में बार-बार होने वाले जलभराव की समस्या पर चर्चा हुई थी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि शहरी बाढ़ प्रबंधन के लिए सिटी एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। इसमें जलभराव वाले हाॅटस्पाॅट की पहचान, पानी जमा होने के कारणों का विश्लेषण और समाधान के लिए समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित होंगे।
हैदराबाद मॉडल का भी होगा अध्ययन
प्रशासन को हैदराबाद के बाढ़ प्रबंधन मॉडल का अध्ययन करने के लिए भी कहा गया है। इसके तहत केंद्रीय नियंत्रण कक्ष बनाने और झीलों व अन्य जल निकायों को आपस में जोड़ने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से इस मॉडल की उपयोगिता का आकलन किया जाएगा। बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं के लिए राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष से धनराशि लेने पर भी विचार होगा।
इसके लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत सरकार को प्रस्ताव भेजे जाएंगे। शहरी बाढ़ के कारणों की तकनीकी जांच और व्यावहारिक समाधान के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) से भी सहयोग मांगा गया है।
सभी एजेंसियों की तय होगी जवाबदेही
जलभराव से निपटने के लिए नगर निगम, जीएमडीए, एचएसवीपी, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया जाएगा।
गुरुग्राम के मंडलायुक्त और जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को भी समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। वर्षा के दौरान जलभराव से यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी।
पुलिस महानिदेशक को संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर इसे लागू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रैफिक जाम रोकने के लिए बनेगी एसओपी
महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और आपातकालीन संसाधनों की जीआईएस आधारित मैपिंग होगी। लोगों तक समय पर चेतावनी पहुंचाने के लिए सचेत एप को बढ़ावा दिया जाएगा।
नागरिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के साथ आपदा मित्र और युवा आपदा मित्र जैसे प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को भी आपातकालीन व्यवस्था में शामिल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- प्रदूषण पर सख्त गुरुग्राम जिला प्रशासन, होटल और रेस्टोरेंट में तंदूर जलाने के लिए लकड़ी के इस्तेमाल पर लगी रोक
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में सिधरावली हत्याकांड का पर्दाफाश, 2 आरोपी अरेस्ट; गैंगस्टर लिपिन नेहरा ने मुहैया कराए थे विदेशी हथियार