विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रदूषण पर सख्त गुरुग्राम जिला प्रशासन, होटल और रेस्टोरेंट में तंदूर जलाने के लिए लकड़ी के इस्तेमाल पर लगी रोक

Published: Thu, 12 Nov 2026 12:02 AM (IST)

गुरुग्राम जिला प्रशासन ने वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों में तंदूर में कोयला व लकड़ी के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है।

गुरुग्राम में वायु प्रदूषण पर लगाम, होटल-रेस्टोरेंट के तंदूर में कोयला-लकड़ी प्रतिबंधित ( एआई जेनरेटेड इमेज)

गुरुग्राम में वायु प्रदूषण पर लगाम, होटल-रेस्टोरेंट के तंदूर में कोयला-लकड़ी प्रतिबंधित ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. होटल, रेस्टोरेंट में कोयला-लकड़ी के तंदूर पर रोक।

  2. वायु प्रदूषण नियंत्रण हेतु जिला प्रशासन का सख्त कदम।

  3. केवल स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों का ही उपयोग करें।

आदित्य राज, गुरुग्राम। गुरुग्राम में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अब गुरुग्राम और मानेसर के होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों में तंदूर जलाने के लिए कोयले और लकड़ी का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के संशोधित प्रावधानों के तहत जिलाधीश एवं डीसी उत्तम सिंह ने इस संबंध में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध के आदेश जारी किए हैं।

कोयले और लकड़ी के तंदूर रहेंगे प्रतिबंधित

नए आदेश के अनुसार, होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों में केवल बिजली, गैस अथवा अन्य अनुमोदित स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। कोयले और लकड़ी से चलने वाले तंदूर का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए जारी इन निर्देशों की पालना सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को सुनिश्चित करनी होगी।

उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

जिलाधीश ने नगर निगम गुरुग्राम, नगर निगम मानेसर और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को आदेशों की सख्ती से पालना कराने के निर्देश दिए हैं। सभी उपमंडल मजिस्ट्रेट संबंधित नगर निकायों और प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करेंगे।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिबंधित ईंधन का इस्तेमाल करने वाले प्रतिष्ठानों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही प्रतिदिन किए गए निरीक्षण, सामने आए उल्लंघनों और उन पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी जिला प्रशासन को प्रस्तुत करनी होगी।


होटल, रेस्टोरेंट और भोजनालय संचालकों से अपील की है कि वे प्रदूषण नियंत्रण के अभियान में प्रशासन का सहयोग करें और प्रतिबंधित ईंधन का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करें। स्वच्छ हवा बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठान की सामूहिक जिम्मेदारी है। आमजन भी अपने आसपास प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को रोकने में सहयोग करें।-- उत्तम सिंह, उपायुक्त

यह भी पढ़ें- नदियों में मनमाने रेत खनन पर लगेगी लगाम, सुप्रीम कोर्ट की CEC समिति ने पेश की 3 साल की विस्तृत योजना


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।