दीवाली पर सुरक्षा का पुख्ता घेरा, गुरुग्राम से मानेसर तक 10 प्रमुख चौराहों पर मुस्तैद रहेंगे दमकलकर्मी
गुरुग्राम अग्निशमन विभाग ने दीवाली पर आगजनी से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था की है। शहर के दस प्रमुख और ...और पढ़ें

दीवाली पर गुरुग्राम में दमकल विभाग की विशेष तैयारी।
HighLights
दीवाली पर आगजनी से निपटने को विशेष व्यवस्था।
गुरुग्राम के दस प्रमुख स्थानों पर दमकल वाहन तैनात।
4 से 9 नवंबर तक रहेगी यह विशेष सुरक्षा व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। दीवाली पर आतिशबाजी और अन्य कारणों से आगजनी की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने शहर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है।
किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने के लिए जिले के दस प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर दमकल वाहन तैनात किए गए हैं। ये वाहन चार नवंबर शाम पांच बजे से नौ नवंबर सुबह आठ बजे तक निर्धारित स्थानों पर तैनात रहेंगे।
वरिष्ठ दमकल केंद्र अधिकारी नरेंद्र सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी दमकल केंद्रों के अधिकारियों और प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
तत्काल दमकल वाहन की सुविधा
अग्निशमन विभाग ने ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी है, जहां दीवाली के दौरान लोगों की आवाजाही अधिक रहती है और आगजनी की घटना होने पर तत्काल दमकल वाहन पहुंचाना जरूरी है। इसके तहत बादशाहपुर और सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन पर सेक्टर-29 दमकल केंद्र से वाहन तैनात किया गया है।
सदर बाजार के बड़ा डाकखाना चौक और दौलताबाद-द्वारका एक्सप्रेसवे चौक पर भीम नगर दमकल केंद्र से वाहन उपलब्ध कराया गया है। इसी तरह भूतेश्वर मंदिर, खांडसा रोड स्थित मस्जिद के पास और कादीपुर चौक के राधा स्वामी सत्संग भवन पर सेक्टर-37 दमकल केंद्र से दमकल वाहन तैनात किए गए हैं।
इन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी बिना देरी किए मौके पर पहुंच सकें।
मानेसर और फरुखनगर तक सुरक्षा के इंतजाम
शहर के साथ औद्योगिक और बाहरी क्षेत्रों में भी दमकल विभाग ने व्यवस्था की है। पालम विहार स्थित एनसीयू विश्वविद्यालय के पास सेक्टर-23 में उद्योग विहार दमकल केंद्र से वाहन तैनात किया गया है। बिलासपुर चौक और फरुखनगर क्षेत्र में पटौदी दमकल केंद्र से दमकल वाहन उपलब्ध रहेगा।
वहीं, आइएमटी मानेसर चौक पर मानेसर दमकल केंद्र का वाहन तैनात किया गया है। वरिष्ठ दमकल केंद्र अधिकारी नरेंद्र सिंह ने सभी दमकल केंद्रों के अधिकारियों और प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित अवधि तक वाहन अपने तय स्थानों पर ही तैनात रहें।
किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए। विभाग का प्रयास है कि दीवाली के दौरान आगजनी की घटना होने पर दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाला समय कम से कम रखा जाए, ताकि जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।