एक महीने में कैसे टूट गई करोड़ों की सड़क? गुरुग्राम में ठेकेदारों-अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप
फरुखनगर में करोड़ों की लागत से बनी सड़क एक महीने में ही दरारें पड़ने से सवालों के घेरे में आ गई है।

फरुखनगर-सुल्तानपुर रोड की मुख्य सड़क पर मरम्मत करते हुए। जागरण
संवाद सहयोगी, फरुखनगर। सुल्तानपुर मोड़ से बिजली बोर्ड तक करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई सड़क की गुणवत्ता महज एक महीने में सवालों के घेरे में आ गई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने करीब एक महीने पहले सड़क का निर्माण कराया था, लेकिन अब जगह-जगह दरारें दिखाई देने लगी हैं। निर्माण के कुछ ही दिनों बाद विभाग को मरम्मत भी करानी पड़ी।
करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की खराब हालत ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का सवाल है कि निर्माण में किस स्तर की सामग्री इस्तेमाल की गई और अधिकारियों ने गुणवत्ता की जांच किस आधार पर की। यदि निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री लगाई गई थी, तो महज एक महीने में दरारें कैसे आ गईं?
सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल
दीपक यादव, विक्की, धीरज, गोरीशंकर शर्मा और सतीश अक्षय का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। उनका कहना है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से सामग्री के इस्तेमाल में लापरवाही बरती गई, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। एक महीने के भीतर मरम्मत की जरूरत पड़ना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है।
लोगों ने यह भी पूछा कि सड़क छह महीने या एक साल तक कैसे टिकेगी। लोगों ने निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की तकनीकी जांच कराने, संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करने तथा लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि मरम्मत के नाम पर दोबारा सरकारी धन खर्च करने के बजाय सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में एसडीओ दीपा मोहन से फोन पर दो बार संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।