विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में 14 साल बाद भी नहीं मिले प्लॉट, वटिका ग्रुप के प्रमोटरों के फाॅर्म हाउस समेत 545.96 करोड़ की संपत्ति ED ने की कुर्क

By Gaurrav SinglaEdited By: Neeraj Tiwari
Published: Fri, 27 Nov 2026 10:04 AM (IST)

ईडी ने वटिका समूह और उसके प्रमोटरों के खिलाफ धन शोधन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 545.96 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां कुर्क की हैं। यह कार्रवाई आवासीय प्लॉट की डिलीवरी न करने, एक ही प्लॉट कई खरीदारों को बेचने और धोखाधड़ी के आरोपों से संबंधित है।

ईडी ने यह कार्रवाई 25 नवंबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की है। प्रतीकात्मक तस्वीर

ईडी ने यह कार्रवाई 25 नवंबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की है। प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. ईडी ने वटिका समूह की ₹545.96 करोड़ की संपत्ति कुर्क की।

  2. यह कार्रवाई धन शोधन और प्लॉट धोखाधड़ी मामले में हुई है।

  3. प्रमोटर अनिल भल्ला और गौतम भल्ला न्यायिक हिरासत में हैं।

जागरण संवाददाता, नया गुरुग्राम। वटिका समूह और उसके प्रमोटरों के विरुद्ध धन शोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 545.96 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। यह कार्रवाई 25 नवंबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई। मामला आवासीय प्लॉट की डिलीवरी नहीं करने, एक ही प्लॉट को कई खरीदारों को बेचने और खरीदारों से धोखाधड़ी करने के आरोपों से जुड़ा है।

प्लाॅट को बाद में दूसरे खरीदारों को भी बेच दिया

ईडी के गुरुग्राम क्षेत्रीय कार्यालय की जांच में सामने आया कि वर्ष 2010 से 2012 के बीच सात खरीदार संस्थाओं ने वटिका लिमिटेड को करीब 266.95 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।

यह रकम वटिका इंडिया नेक्स्ट (सेक्टर-84 और 85) तथा वटिका इंडिया नेक्स्ट-2 (सेक्टर-88ए) में प्लाॅट खरीदने के लिए दी गई थी।

इसके बाद वर्ष 2014 और 2015 में प्लॉट के समझौते किए गए, लेकिन परियोजनाओं के नक्शों में बदलाव कर पहले आवंटित प्लाॅट के नंबर और स्थान बदल दिए गए। आरोप है कि इन्हीं प्लाॅट को बाद में दूसरे खरीदारों को भी बेच दिया गया।

प्लाॅट अब भी खरीदारों को नहीं मिले

जांच में पता चला कि वटिका इंडिया नेक्स्ट-2 में करीब 1.10 लाख वर्ग गज जमीन पर लगभग 90 करोड़ रुपये में खरीदे गए एक भी प्लॉट की करीब 14 साल बाद भी डिलीवरी नहीं हुई है। वहीं, वटिका इंडिया नेक्स्ट में भी प्लॉट की डिलीवरी आंशिक रूप से हुई। इस तरह करीब 140.73 करोड़ रुपये मूल्य के प्लाॅट अब भी खरीदारों को नहीं मिले हैं।

22 कंपनियों के जरिए किया गया लेनदेन

ईडी के अनुसार, परियोजनाओं की जमीन करीब 22 समूह कंपनियों के माध्यम से रखी गई थी। इन कंपनियों के पास न कर्मचारी थे और न ही अलग व्यावसायिक गतिविधियां। जांच में सामने आया कि खरीदारों से प्राप्त रकम का इस्तेमाल केवल संबंधित परियोजनाओं के विकास में नहीं किया गया, बल्कि इसे समूह की दूसरी कंपनियों और प्रमोटरों से जुड़ी संस्थाओं में भी स्थानांतरित किया गया।

डेवलपर्स के नाम भी आवंटित किए गए

जांच में वर्ष 2024 का एक अन्य मामला भी सामने आया। स्केलर वेंचर्स बिजनेस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने 165 प्लाॅट के सौदे के तहत वटिका समूह को 473.18 करोड़ रुपये दिए थे। ईडी के मुताबिक, इनमें से 14 प्लाॅट पहले ही अन्य खरीदारों को बुक किए जा चुके थे। इसके अलावा 66 प्लाॅट दूसरे खरीदारों को बेचकर करीब 60 करोड़ रुपये भी प्राप्त किए गए। नौ प्लाॅट भल्ला परिवार से जुड़ी कंपनी बयानी डेवलपर्स के नाम भी आवंटित किए गए थे।

सुल्तानपुर फार्म हाउस भी कुर्क

ईडी ने कंचन भल्ला, अनिल भल्ला परिवार ट्रस्ट, कंचन भल्ला परिवार ट्रस्ट और समूह की अन्य कंपनियों की संपत्तियां कुर्क की हैं। इनमें दिल्ली के महरौली स्थित सुल्तानपुर फार्म्स का फार्म हाउस भी शामिल है। ईडी ने अब तक इस मामले में करीब 568 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगाया है। इससे पहले सात ठिकानों पर तलाशी के दौरान मर्सिडीज-बेंज कार, 1.3 किलोग्राम से अधिक सोने और हीरे के आभूषण तथा बैंक खातों और सावधि जमा को जब्त और फ्रीज किया गया था। इनकी कुल कीमत करीब 22.58 करोड़ रुपये बताई गई है।

मामले में अभी जारी रहेगी जांच

ईडी ने वटिका समूह के प्रमोटर अनिल भल्ला और गौतम भल्ला को 28 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। यह जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में दर्ज कई प्राथमिकियों के आधार पर शुरू हुई थी। मामले में आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में पकड़े गए संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक, गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी रिपोर्ट

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर डिफेंडर कार का खतरनाक स्टंट, डिवाइडर कूदकर बदली लेन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।