विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ पूजा की तैयारियां: घाटों पर मरम्मत और सफाई शुरू, घर जाने के लिए उठी स्पेशल ट्रेन की मांग

Published: Mon, 02 Nov 2026 08:35 AM (IST)

गुरुग्राम में छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसमें स्थायी और अस्थायी घाटों का निर्माण व मरम्मत कार्य जारी है।

रेयान एनक्लेव समेत कई जगह बन रहे पक्के घाट।

रेयान एनक्लेव समेत कई जगह बन रहे पक्के घाट।

HighLights

  1. गुरुग्राम में छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर शुरू।

  2. स्थायी व अस्थायी घाटों का निर्माण और मरम्मत कार्य जारी।

  3. छठ पर घर वापसी हेतु विशेष ट्रेनों की मांग।

महावीर यादव, बादशाहपुर। आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का महापर्व छठ पूजा को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। पूर्वांचल और बिहार मूल के लोगों के इस प्रमुख पर्व को लेकर विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने घाटों को तैयार करना शुरू कर दिया है।

शहर में कई स्थानों पर स्थायी छठ घाट बनाए गए हैं, जबकि कुछ जगहों पर अस्थायी घाट तैयार कर सामूहिक रूप से सूर्य देव को अर्घ्य दिया जाएगा।

रेयान एनक्लेव में छठ पूजा समिति

रेयान एनक्लेव में छठ पूजा समिति की ओर से पक्के छठ घाट का निर्माण कराया गया है। समिति के उपाध्यक्ष डीके सिंह ने बताया कि घाट पर टाइल्स लगाने सहित अन्य कार्य शुरू कर दिए गए हैं। जल्द ही घाट तैयार हो जाएगा।

भूमिजा मैथिली मंच की ओर से मारुति कुंज स्थित विद्यापति भवन परिसर में छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। मंच की ओर से विद्यापति भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इसी निर्माण स्थल पर तीसरी बार छठ पूजा का आयोजन होगा।

प्रमुख रूप से बनाए जा रहे छठ घाट

शहर में लेबर चौक सेक्टर-पांच, न्यू पालम विहार, शक्ति पार्क, सूरत नगर फेज-दो, कादीपुर सामुदायिक भवन सेक्टर-10, सरस्वती एन्क्लेव, बसई तालाब, चकरपुर गांव, शीतला माता मंदिर परिसर, ओम विहार, राजेंद्र पार्क, कन्हई गांव, देवीलाल कालोनी और सेक्टर-15 पार्ट-दो में प्रमुख रूप से छठ घाट बनाए जाते हैं।

इन स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र होकर विधि-विधान से पूजा करते हैं। इसके अलावा शहर के विभिन्न आवासीय क्षेत्रों में भी अस्थायी घाट बनाकर छठ पूजा की जाती है।

छठ पर विशेष ट्रेनें चलाने की मांग

छठ पूजा को लेकर गुरुग्राम में रहने वाले पूर्वांचल समाज के लोगों की घर वापसी की परेशानी को देखते हुए भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राघवेंद्र सिंह ने विशेष ट्रेनें चलाने की मांग उठाई है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में पूर्वांचल, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के करीब छह लाख लोग रहते हैं। त्योहार पर ट्रेनों में भारी भीड़ है, जबकि हवाई टिकट के दाम 40 हजार रुपये तक पहुंच गए हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से बिहार, यूपी और झारखंड के प्रमुख शहरों के लिए सीधी स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की है।

छठ पूजा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। रेयान एनक्लेव में पक्के छठ घाट पर टाइल्स लगाने सहित अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि पूजा से पहले घाट पूरी तरह तैयार हो जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी न हो।

-अरुण कुशवाहा, अध्यक्ष, छठ पूजा समिति, रेयान एनक्लेव

छठ पूजा हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। हम हर वर्ष सामूहिक रूप से इस पर्व का आयोजन करते हैं। इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की जा रही हैं।

-बीएन लाल, संरक्षक, पाटलिपुत्र सांस्कृतिक चेतना मंच

छठ पूजा के आयोजन को लेकर तैयारियों में जुटे हैं। घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। छठ पूजा ऐसा पर्व है। जिसको सभी एकता से मनाते हैं।

-रणधीर राय, अध्यक्ष, जन सेवा सांस्कृतिक एवं चेतना मंच

मारुति कुंज स्थित विद्यापति भवन परिसर में तीसरी बार छठ पूजा का आयोजन करने जा रहे हैं। यहां विद्यापति भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी परिसर में छठ घाट तैयार किया जाएगा।

-महावीर मिश्रा, अध्यक्ष, भूमिजा मैथिली मंच

छठ पूजा को केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता का महापर्व मानते हैं। इस अवसर पर सभी लोग आपसी सहयोग से घाटों की व्यवस्था करते हैं।

-राजेश पटेल, अध्यक्ष, डा. राजेंद्र प्रसाद फाउंडेशन

सरस्वती एन्क्लेव में हर वर्ष सामूहिक रूप से छठ पूजा का आयोजन करते हैं। इस बार भी घाट की व्यवस्था और अन्य तैयारियां शुरू की जा रही हैं। छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

-तारकेश्वर राय, अध्यक्ष, छठ पूजा समिति, सरस्वती एन्क्लेव

यह भी पढ़ें- बिहार के कोसी क्षेत्र में छठ पूजा की तैयारियां तेज, तमिलनाडु के नारियल सजेगी पूजा की डलिया

यह भी पढ़ें- दीपावली-छठ पूजा पर यात्रियों बड़ी राहत: अलीगढ़-जयपुर और नोएडा रूट पर दौड़ेंगी यूपी रोडवेज की बसें


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।