विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 26, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

साल 2000 में परिवार के साथ भारत आए थे पाकिस्तान के पूर्व सांसद, अब नागरिकता का है इंतजार; हरियाणा में बेच रहे कुल्फी

By Jagran NewsEdited By: Sushil Kumar
Published: Sat, 26 Apr 2025 08:02 PM (IST)

पाकिस्तान से 25 साल पहले आए पूर्व सांसद डबाया राम के परिवार के 34 सदस्यों में से केवल छह को ...और पढ़ें

पाकिस्तान से आए पूर्व सांसद, 34 में से छह सदस्यों को ही मिली नागरिकता। फोटो जागरण
पाकिस्तान से आए पूर्व सांसद, 34 में से छह सदस्यों को ही मिली नागरिकता। फोटो जागरण

HighLights

  1. 25 साल से नागरिकता का इंतजार
  2. छह सदस्यों को मिली नागरिकता
  3. पूर्व सांसद बेच रहे कुल्फी

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। पाकिस्तान में बेनजीर भुट्टो की सरकार में सांसद रहे डबाया राम अपने परिवार के साथ साल 2000 में भारत आए थे। अब डबाया राम खुद रतिया क्षेत्र के गांव रतनगढ़ में रहते हैं तथा उनके परिवार के सदस्य रतिया व भोडियाखेड़ा गांव में रहते हैं। डबाया राम बताते हैं कि अब उनका परिवार 34 सदस्यों का हो चुका है। वह अपने परिवार सहित पिछले 25 साल से भारत की नागरिकता के लिए प्रयासरत हैं।

अब तक परिवार की दो महिलाओं समेत छह सदस्यों को भारत की नागरिकता मिल चुकी है तथा बाकी 28 सदस्यों ने भी नागरिकता के लिए आवेदन किया हुआ है। डबायाराम अपने परिवार के साथ शुरू में सिर्फ एक माह का वीजा लेकर आए थे, इसके बाद वे साल 2018 तक अपने परिवार का वीजा बढ़वाते रहे।

पहले वीजा हर साल बढ़वाना पड़ता था, उसके बाद एक साल पांच साल का वीजा मिलने लगा। डबाया राम ने बताया कि पाकिस्तान से वे तंग होकर भारत आए थे तथा यहां आने बाद पिछले 25 सालों से उन्हें सभी का भरपूर सहयोग मिला है, जिसके चलते उनका व उनके परिवार के सदस्यों का जीवन अच्छा चल रहा है।

कुल्फी बेचते हैं पूर्व सांसद

पाकिस्तान से आकर यहां रह रहे उक्त 34 सदस्यों में एक डबाया राम पाकिस्तान में बेनजीर भुट्टो सरकार में हिंदू सांसद रहे थे। पाकिस्तान के पूर्व सांसद डबाया राम अब कुल्फी बेचने का काम करते हैं।

पूर्व सांसद डबाया राम व उनके परिवार के सदस्य ओमप्रकाश ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकार को आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, उन्होंने कहा कि यह आतंकियों को उनके घर में घूसकर मारने का समय है।

पाकिस्तान में है 25 एकड़ जमीन

डबाया राम ने बताया कि उनके दादा की पाकिस्तान में अब भी 25 एकड़ जमीन है। उनकी जमीन पाकिस्तान के बखर जिले की दरियापुर तहसील के पंचगिरेह क्षेत्र में पड़ती है जो उनके दादा के नाम है। परिवार के पिछले 25 सालों से यहां रहने के चलते सभी सदस्यों के आधार कार्ड व अन्य प्रमाण पत्र यहां के बन चुके हैं तथा जल्द ही नागरिकता भी मिलने वाली है।

यह भी पढ़ें- पहलगाम आतंकी हमले से पहले हरियाणा आए थे 250 पाकिस्तानी, हरकत में खुफिया एजेंसी; डिटेल खंगाल रही है CID