यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 25, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पहलगाम आतंकी हमले से पहले हरियाणा आए थे 250 पाकिस्तानी, हरकत में खुफिया एजेंसी; डिटेल खंगाल रही है CID
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हरियाणा की खुफिया एजेंसियां हरकत में आ गई हैं। राज्य में ...और पढ़ें

HighLights
- 250 पाकिस्तानी नागरिक हरियाणा पहुंचे।
- वीजा खत्म होने पर भी रुके।
- दोबारा वेरिफिकेशन शुरू हुई।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों के हमले की घटना के बाद हरियाणा की खुफिया एजेंसियां सक्रिय हैं। केंद्र सरकार ने जब से पाकिस्तानी नागरिकों को देश और राज्यों से बाहर करने के आदेश दिए हैं, तब से हरियाणा पुलिस तथा सीआईडी उन्हें चिन्हित करने में लगी है।
शुक्रवार को केंद्र से निर्देश मिलने के बाद हरियाणा पुलिस ने प्रदेश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों का ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है। कारोबार करने तथा पर्यटन के लिहाज से करीब 250 पाकिस्तानी नागरिकों के हरियाणा में होने की सूचना है।
कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिनका वीजा खत्म हो चुका है, लेकिन उनकी जानकारी सरकार सुरक्षा के लिहाज से अभी सार्वजनिक नहीं कर रही है। वर्षों पहले हरियाणा में आकर बसे पाकिस्तानियों की सरकार फिर से वेरिफिकेशन कराने वाली है।
पाकिस्तानी नागरिकों को भेजा जा रहा वापस
हरियाणा पुलिस द्वारा पहले से ही प्रदेश में अवैध रूप से रहे बांग्लादेशी नागरिकों तथा रोहिंग्या मुस्लिमों का सर्वे किया जा रहा है। ताजा आदेशों के बाद पाकिस्तानी नागरिकों को हरियाणा से बाहर करने का अभियान शुरू हो गया है।
हरियाणा पुलिस की सीआईडी विंग द्वारा जुटाई गई जानकारी के मुताबिक, पहलगाम हमले से पहले पिछले एक माह के भीतर 250 पाकिस्तानी नागरिक हरियाणा में दाखिल हुए हैं। इनमें बहुत से अपने कारोबार के सिलसिले में अंबाला, पानीपत, फरीदाबाद व गुरुग्राम जिलों में पहुंचे हैं।
इसके अलावा कई ऐसे हैं, जो घूमने के लिए दिल्ली व हरियाणा में आए हैं। ऐसे सभी पाकिस्तानी नागरिकों को सतर्क करते हुए वापस जाने के लिए बोला जा रहा है।
पर्यटक वीजा पर आए थे भारत
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के हिसार, रोहतक, फरीदाबाद, गुरुग्राम व नूंह जिलों में कई पाकिस्तानी ऐसे हैं, जो वर्षों से यहां रह रहे हैं। इनमें से कई के तो यहां पर राशन कार्ड और वोटर कार्ड भी बन चुके हैं।
यह पाकिस्तानी नागरिक वर्षों पहले पर्यटक वीजा पर भारत में आए थे और हरियाणा में आकर बस गए। फिर न तो उन्होंने वापस जाने का नाम लिया और न ही उन्हें भगाने की कोई कोशिश हुई।
दोबारा होगी वेरिफिकेशन
पहलगाम हमले के बाद जारी हुई गाइडलाइन के बाद सीआईडी विंग ने इन पाकिस्तानी नागरिकों की दोबारा वेरिफिकेशन शुरू कर दी है। पर्यटक व सार्क वीजा के तहत हरियाणा में पिछले एक माह के दौरान आए पाकिस्तानी नागरिकों को वापस जाने को कहा जा रहा है। मगर वर्षों से यहां रहे पाकिस्तानी मूल के नागरिकों के संबंध में अभी केवल वैरिफिकेशन के निर्देश सीआईडी तथा स्टेट पुलिस को जारी किए गए हैं।
