जहरीली हवा: फतेहाबाद में फिर AQI 400 के पार, 501 पहुंची फायर लोकेशन; 275 किसानों पर लगाया जुर्माना फिर भी जला रहे पराली
Haryana Air Pollution हरियाणा के कई जिल वायु प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में है। दो दिनों से कुछ राहत थी लेकिन शनिवार को फिर एक्यूआई 402 तक पहुंच गई है। एक बार फिर प्रदूषण का मापक बढ़ सकता है। जिले की आबोहवा सबसे खराब है। । पिछले साल इस समय 580 से अधिक फायर लोकेशन मिली थी

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। Haryana Air Pollution: हरियाणा के कई जिल वायु प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में है। फतेहाबाद में इस बार प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दीपावली से दो दिन पहले बरसात हुई तो लोगों ने सोचा था कि अब इस धुएं से राहत मिलेगी। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
फतेहाबाद में 400 के पार पहुंचा AQI
दो दिनों से कुछ राहत थी, लेकिन शनिवार को फिर एक्यूआई 402 तक पहुंच गई है। अगर ऐसा ही चला तो एक बार फिर प्रदूषण का मापक बढ़ सकता है। जिले की आबोहवा सबसे खराब है। ठंड अधिक होने के कारण यह धुआं रात के समय आसमान में जम जाता है और सुबह स्मॉग का रूप ले लेता है।
पराली जलाने से नहीं मान रहे किसान
स्मॉग के कारण दोपहियां वाहनों पर चलना मुश्किल हो रहा है। आंखों में जलन हो रही है। उधर दमा रोगी भी परेशान है। पिछले दिनों प्रदेश सरकार ने घोषणा की थी कि अब जिस क्षेत्र में पराली में आग लगी तो संबंधित पुलिस कर्मचारी भी जिम्मेदार होंगे। लेकिन इसका असर कुछ नहीं दिख रहा है। पुलिस कर्मचारी आग लगने की घटना को रोकने का प्रयास कर रहे है लेकिन किसान नहीं मान रहे है। अब तक किसी किसान पर मामला भी दर्ज नहीं किया गया बल्कि जुर्माना लगाया गया है।
501 पहुंची फायर लोकेशन
जिले में लगातार पराली जल रही है। पिछले साल इस समय 580 से अधिक फायर लोकेशन मिली थी। लेकिन इस बार यह आंकड़ा 501 तक पहुंच गया है। इस बार बाढ़ आने के कारण रतिया क्षेत्र में अब भी धान की फसल खड़ी है। ऐसे में आने वाले दिनों में फिर से पराली में आग लग सकती है। कृषि विभाग के अधिकारी लगातार खेतों में जाकर किसानों को जागरूक कर रहे है। अब तक 275 किसानों को चिंहित कर करीब सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। दीपावली के बाद लगातार पराली जल रही है। प्रदेश में सबसे अधिक फतेहाबाद जिले में ही पराली जल रही है।
पिछले कुछ दिनों से मिली फायर लोकेशन
तिथि फायर लोकेशन
13 नवंबर 24
14 नवंबर 02
15 नवंबर 36
16 नवंबर 15
17 नवंबर 15
18 नवंबर 10
अब जाने पिछले कुछ दिनों से एयर क्वालिटी में प्रदूषण की मात्रा
दिन एयर क्वालिटी
- रविवार 150
- सोमवार 494
- मंगलवार 403
- बुधवार 350
- वीरवार 315
- शुक्रवार 305
- शनिवार 402
इन आंकड़ों पर डाले नजर
- अब तक कितनी लोकेशन मिली : 501
- कितने किसानों पर लगाया जुर्माना : 275
- कितने रुपये लगाया जुर्माना : 7 लाख
- कितने गांव रेड जोन में : 93
- कितने गांवों के येलो जोन में रखा गया : 69
- पराली प्रबंधन पर एक एकड़ पर कितनी मिलेगी राशि : 1000
- कितने कर्मचारियों पर गिरी गाज : 5
- अब तक कितने अधिकारियों व कर्मचारियों को मिल चुका नोटिस : 75
स्वास्थ्य विभाग ने यह एडवाइजरी की है जारी
- जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकले।
- आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत है तो चिकित्सकों से संपर्क करे।
- दिल, फेफड़े एवं अन्य बीमारियों के मरीज अधिक ध्यान दे।
- धुआं रहित ईंधन का प्रयोग करे।
ऐसे मौसम में ये न करे
- ज्यादा प्रदूषित जगहों पर न जाए।
- घरों की खिड़की दरवाजे सुबह व शाम को बंद रखे।
- सुबह व शाम की सैर ना करे।
- पटाखे, कूड़ा, पत्तियां आदि न जलाएं।
- धूम्रपान ना करे।
अब जाने एक्यूआई कहां तक होता है खतरनाक
- 0-50 : अच्छा
- 51-100 : संतोषजनक
- 101-200 : थोड़ा प्रदूषित
- 201-300 : खराब
- 301-400 : बहुत खराब
- 401-500 : गंभीर
अगले कुछ दिनों में साफ हो जाएगा
पिछले साल की अपेक्षा इस बार फायर लोकेशन कम आई है। धान का अंतिम चरण चल रहा है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में मौसम साफ हो जाएगा। किसानों पर करीब सात लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। -डॉ. राजेश सिहाग, उपनिदेशक कृषि एवं कल्याण विभाग।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।